Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Dharna continues in Sirohi, internet service continued after 4 days shutdown - Sabguru News
होम Rajasthan Jaipur कार्तिक भील प्रकरण में धरना जारी, 4 दिन बाद सिरोही बहाल की इंटरनेट सेवा

कार्तिक भील प्रकरण में धरना जारी, 4 दिन बाद सिरोही बहाल की इंटरनेट सेवा

0
कार्तिक भील प्रकरण में धरना जारी, 4 दिन बाद सिरोही बहाल की इंटरनेट सेवा
सिरोही में धरने पर बैठे भीमसेना के पदाधिकारी कार्तिक भील के समर्थक।
सिरोही में धरने पर बैठे भीमसेना के पदाधिकारी कार्तिक भील के समर्थक।

सबगुरु न्यूज-सिरोही। कार्तिक भील मृत्यु प्रकरण को लेकर जिला मुख्यालय पर पिछले शुक्रवार  से शुरू हुआ धरना मंगलवार को पांचवे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर उनके समर्थक बैठे रहे। यहाँ पर धरनार्थियों के खाने पीने की व्यवस्था भी कर दी गई। कुल मिलाकर मंगलवार का दिन शांतिपूर्ण ही रहा।

प्रशासन और धरनार्थियों के बीच किसी तरह की जद्दोजहद नहीं हुई। इसे देखते हुए जिला कलेक्टर परिसर में पिछले चार दिनों से की गई नाकेबंदी में भी ढील दी गई। एक तरफ के प्रवेश को पूरी तरह से बन्द कर दिया गया है, वहीं जो दूसरा द्वारा आज खोला गया उसमें से लोगों को कलेक्ट्रेट परिसर में जाने दिया गया।

लेकिन, स्टाफ वाहन के अलावा शेष लोगों के वाहनों को बाहर ही खड़ा रखा गया। कलेक्ट्रेट में जाने से पहले लोगों को पुलिस की पूछताछ से भी गुजरना पड़ा। शेष दिनों से एक चौथाई पुलिस बल यहाँ पर रखा गया। शेष को यहां से हटा कर सुरक्षा घेरे को कुछ हल्का किया। इससे कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले लोगों ने राहत महसूस की है।

मृतक कार्तिक के परिजन उसके पोस्टमार्टम को लेकर आज भी तैयार नहीं हुए। इस कारण पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। प्रशासनिक अधिकारी मृतक के परिजनों से लगातार समझाइश कई कोशिश करते रहे। लेकिन बात नहीं बनी।
इधर, पिछले 4 दिनों से जिले में इंटरनेट सेवा बन्द होने से लोगों में रोष धीरे धीरे बढ़ता जा रहा था। व्यापारी और विद्यार्थियों के अलावा सामान्यजन भी परेशान था। डिजिटल पेमेंट के इस दौर में इंटरनेट सेवा बन्द होने से लोगों को बड़ी समस्या हुई। दुकानों से सामान खरीदने के बाद नेट बन्द होने से डिजिटल पेमेंट नहीं कर पाने उन्हें खाली हाथ भी लौटना पड़ा।

इसे देखते हुए कुछ व्यापारियों ने सोमवार को जिला प्रशासन से इंटरनेट सेवा बहाल करने का अनुरोध भी किया था। इसके बाद आज करीब 11 बजे इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई। जिला कलेक्टर ने इंटरनेट सेवा बहाल करते ही चेतावनी भरी अपील भी जारी की। इसमें उन्होंने भ्रामक और भड़काऊ कंटेंट भेजने और शेयर करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने सकारात्मक रूप से इस सेवा के उपयोग करने की अपील की।

इधर, कार्तिक भील के समर्थकों के द्वारा बुधवार को एक रैली निकालने का निर्णय किया गया है। सोमवार को कानून व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति के देखते हुए प्रशासन ने रैली निकालने की अनुमति नहीं दी थी। इस रैली को कलेक्ट्रेट पर ही रोक लिया गया था। ये रैली बुधवार की निकालने का निर्णय किया गया है।

जिला कलेक्टर डॉ भंवरलाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। प्रशासन परिजनों से लगातार सम्पर्क में है। उन्होंने बताया कि इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई है और इसे अब बन्द नहीं किया जाएगा। कल की रैली को देखते हुए पूरे परिदृश्य पर नजर रखा हुआ है। मृतक के परिजनों से सम्पर्क करके पोस्टमार्टम करवाने का अनुरोध किया जा रहा है। आज वो लोग बात करने नहीं नहीं आये, उन्होंने आशा जताई कि कल की इनकी रैली के बाद फिर से वो लोग चर्चा करेंगे।