

भोपाल । मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजधानी भोपाल से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने आज सोशल मीडिया पर एक तस्वीर पोस्ट करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी गांधी परिवार को कितना भी बदनाम करे, लेकिन जनता इस परिवार के त्याग-तपस्या का इतिहास जानती है।
सिंह ने सोशल मीडिया पर वायरल कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी की एक तस्वीर को शेयर करते हुए कहा है कि नेहरू-गांधी परिवार के ये संस्कार हैं। कितना ही भाजपा उन्हें बदनाम करे, जनता इस परिवार का त्याग, तपस्या और बलिदान का इतिहास जानती है।
तस्वीर में गांधी केरल के वायनाड में नामांकन दाखिले के दौरान मची भगदड़ में घायल एक पत्रकार का स्ट्रेचर थामे दिखाई दे रहे हैं। वहीं प्रियंका गांधी ने कथित तौर पर उस घायल पत्रकार के जूते पकड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों उस पत्रकार को एंबुलेंस तक पहुंचा रहे हैं।