
अजमेर। अजमेर में रविवार को आयोजित दिव्यांग जन का विवाह समारोह अमिट छाप छोड गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच विकलांग जोडों ने एक दूसरे का जीवनभर साथ निभाने का प्रण लिया। इस मौके पर दिव्यांगों की ओर से दी गई दिव्य प्रस्तुतियों ने मन मोह लिया।
दीन दुखी दिव्यांग सेवा संस्थान अजमेर तथा एक मुस्कान दिव्यांगों के नाम संस्था जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में 6-7 अक्टूबर को अजमेर स्थित दाधिच वाटिका (शिव कुण्ड) में दिव्यांग जन का विवाह, अखिल भारतीय सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इसमें उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब आदि राज्यों से दिव्यागजनों ने शिरकत की। वर वधु को आशीर्वाद देने के लिए डॉ गोपाल बाहेती, अशोक छाजेड़, मेहराज ख़ान, रंजीत मालिक, नवल किशोर शर्मा समेत शहर के कई गणमान्य नागरिक उपिस्थत हुए।

संस्था संयोजक महेंद्र कुमार जोशी, इशाक मोहम्मद तथा संरक्षक प्रोफेसर डॉ नासिर मदनी ने आगुन्तकों का स्वागत किया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ ममनून फातमा ने किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम से पूर्व दिव्यांगजन का विवाह सामाजिक परंपरओं एवं रीति रिवाज़ों के साथ संपन्न करवाया जिसमे मेहंदी की रस्म, निकासी, तथा अन्य कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न कराए गए। आयोजन के दौरान दिव्यांगजनों का उत्साह देखते ही बनता था। आयोजन सर्वधर्म सदभाव के प्रतीक के रूप में दिव्यांगजन के मस्तिष्क पर अमिट छाप छोड़ गया।