

जयपुर | राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने प्रदेश में बढ़ती दुष्कर्म की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुये कहा कि सरकार की नाकामी के कारण इस पर अंकुश नही लग रहा है।
श्री गहलाेत ने आज यहां एक बयान जारी कर कहा कि राजस्थान में रोजाना दुष्कर्म की 10 से ज्यादा घटनाएं होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस मुख्यालय की तिमाही रिपोर्ट का हवाला देते हुये कहा कि इस वर्ष मार्च तक 90 दिन में सरकार की नाक के नीचे जयपुर रैंज में ही 183 महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं सामने आई हैं। जहां तक प्रदेश का संबंध है इसी अवधि में 966 महिलाओं को निशाना बनाया गया। श्री गहलोत ने कहा कि प्रदेश में पुलिस का इकबाल पूरी तरह खत्म हो चुका है।
उन्होंने कहा कि महिला मुख्यमंत्री के होते हुये प्रदेश की महिलाएं अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रही है और महिलाओं के सशक्तिकरण पर राज्य सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 12 वर्ष तक की बच्चियों के साथ दुष्कर्म के आरोपियों को मौत की सजा देने का विधेयक सर्वसम्मति से पारित कर इतिश्री तो कर ली लेकिन प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। अपराधियों में पुलिस का भय खत्म हो चुका है।