
बेंगलूरु। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने चंद्रयान-2 द्वारा ली गई पृथ्वी की कुछ सुंदर तस्वीरें रविवार को जारी की।
इसरो ने ट्विटर पर चंद्रयान-2 के एलआई4 कैमरे से शनिवार शाम ली गयी पांच तस्वीरें जारी की है। इसरो ने ट्वीट कर कहा कि यह चंद्रयान-2 द्वारा ली गई पृथ्वी की सुंदर तस्वीरों का पहला सेट है। ये तस्वीरें शनिवार शाम पांच बजकर 28 मिनट से पांच बजकर 37 मिनट के बीच ली गयी हैं।
गौरतलब है कि देश के चंद्रमा के लिए दूसरे महत्वाकांक्षी मिशन चंद्रयान-2 को 22 जुलाई को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपित किया गया था। वह 20 अगस्त को चंद्रमा की कक्षा में पहुंचेगा।