![गुजरात में भाजपा के आठ नवनिर्वाचित विधायकों ने ली पद की शपथ गुजरात में भाजपा के आठ नवनिर्वाचित विधायकों ने ली पद की शपथ](https://www.sabguru.com/18-22/wp-content/uploads/2020/11/MLA-take-oath-of-office-in-Gujarat.jpg)
![Eight newly elected BJP MLAs take oath of office in Gujarat](https://www.sabguru.com/18-22/wp-content/uploads/2020/11/MLA-take-oath-of-office-in-Gujarat.jpg)
गांधीनगर। गुजरात विधानसभा की आठ सीटों के लिए हाल ही में हुए उपचुनाव में जीते भाजपा के आठों नवनिर्वाचित विधायकों ने आज पद और गोपनीयता की शपथ ली।
विधानसभा अध्यक्ष राजेन्द्र त्रिवेदी ने विधानसभा परिसर स्थित अपने कक्ष में अबडासा सीट से जीते प्रद्युमनसिंह जाडेजा, मोरबी के ब्रिजेश मेरजा, धारी के जेवी काकड़िया, करजण के अक्षय पटेल, गढड़ा के आत्माराम परमार, कपराड़ा के जीतू चौधरी, डांग के विजय पटेल तथा लींबड़ी के किरीटसिंह राणा को शपथ दिलाई।
इसके साथ ही 182 सदस्यीय सदन में सत्तारूढ़ भाजपा के विधायकों की संख्या बढ़कर 111 पर पहुंच गई है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस जिसके आठ विधायकों के इस्तीफ़े के कारण गत 3 नवंबर को ये उपचुनाव हुए थे, के सदस्यों की संख्या 65 है। जीतने वालों में कांग्रेस से त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल होने वाले पांच पूर्व विधायक भी हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, उप मुख्यमंत्री नितिनभाई पटेल, संसदीय मामलों के मंत्री भूपेन्द्रसिंह चूड़ास्मा, गृह राज्य मंत्री प्रदीपसिंह जाडेजा और सचेतक सहित मंत्रिमंडल के सदस्य और अधिकारी उपस्थित थे।