

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मोदी ने शोक संदेश में कहा कि अटल जी के चरणों में अपनी श्रद्धांजलि समर्पित करता हूं। उनका निधन राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन का दुख शब्दों से परे है। हमने अपना प्रेरणास्रोत खो दिया है। अटल जी के तौर पर हमने अपना अटल रत्न खो दिया है।
अटल जी का व्यक्तित्व और उनके निधन से हुए दुख का वर्णन शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। मेरे लिए अटल जी का जाना पिता को खोने जैसा है। अटल जी ने मुझे संगठन और शासन के मूल्यवान पहलुओं को सिखाया।
मोदी ने कहा कि अपने नेतृत्व और संघर्ष के माध्यम से, अटल जी ने जनसंघ और भाजपा को मजबूत किया। उन्होंने इन पार्टियों को भारत के हर हिस्से में पहुंचाया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अटल जी का विराट व्यक्तित्व शब्दों से परे है। उन्होंने कहा कि मिलने पर अटल जी पिता की तरह गले लगाते थे। अटल जी की वाणी और विचार हमें हमेशा प्रेरणा देंगे। मोदी ने अटल जी को मां भारती का सच्चा सपूत बताते हुए कहा कि उनकी कमी कभी नहीं भर पाएगी।
मोदी ने कहा कि अटल जी एक जननायक, प्रखर वक्ता और ओजस्वी कवि थे। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि अटल जी के जाने से एक युग का अंत हो गया है। मेरी संवेदना परिवार और देशवासियों के साथ है।
वाजपेयी राष्ट्रीय जीवन के विराट व्यक्तित्व थे : सोनिया गांधी