

झारखंड से कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रमुख और आईपीएस अधिकारी अजय कुमार ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में अजय कुमार ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली। बता दें, अजय कुमार ने लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अगस्त महीने में कांग्रेस से इस्तीफा दिया था।
जानकारी में बता दें, लोकसभा चुनाव के परिणामों के बाद कांग्रेस दो टुकड़ो में बंट गई थी। एक का नेतृत्व अजय कुमार तो दूसरे का नेतृत्व पूर्व मंत्री सुबोधकांत सहाय और अन्य कर रहे थे। यही नहीं अजय कुमार ने कुछ सहयोगियों पर पार्टी की जगह अपने निजी हितों को बढ़ावा देने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया था।
वहीं मनीष सिसोदिया ने कहा, ”आज एक बहुत ही महत्वपूर्ण साथी, देश के प्रशासन तंत्र के एक महत्वपूर्ण हस्ताक्षर अजय कुमार आज हमारे साथ जुड़ रहे हैं। मैं उनका पार्टी में स्वागत करता रहा हूं।”