Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
सुभाष महरिया कांग्रेस छोड़कर फिर भाजपा में हुए शामिल - Sabguru News
होम Breaking सुभाष महरिया कांग्रेस छोड़कर फिर भाजपा में हुए शामिल

सुभाष महरिया कांग्रेस छोड़कर फिर भाजपा में हुए शामिल

0
सुभाष महरिया कांग्रेस छोड़कर फिर भाजपा में हुए शामिल

जयपुर। पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुभाष महरिया ने कांग्रेस छोड़कर आज फिर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। महरिया भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भाजपा के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़, उपनेता प्रतिपक्ष डा सतीश पूनियां सहित कई नेताओं की मौजूदगी में घर वापसी की।

महरिया के साथ एनएसयूआई के राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. नरसी किराड, पूर्व डीजीपी गोपाल मीणा, पूर्व आईपीएस रामदेव सिंह खैरवा, पूर्व आईएएस पृथ्वीराज मीणा, पूर्व कमिश्नर भारतीय राजस्व सेवा सीआर मीणा और गंगापुर सिटी के हेमंत शर्मा ने अपने कई समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। अरुण सिंह, जोशी, राठौड और डा पूनियां ने महरिया सहित भाजपा में शामिल होने वाले इन लोगों को भाजपा का दुपट्ठा पहनाकर भाजपा की सदस्यता दिलाई।

घर वापसी के बाद सुभाष महरिया ने कहा कि उन्हें फिर से अपने परिवार में आने से खुशी महसूस हो रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी में जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, वह उसे अच्छी तरह निभाने की कोशिश करेंगे।

उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिजली कटौती की बात हो या रीट पेपर लीक सभी मोर्चों पर यह पूरी तरह विफल हो रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार अब खुलेआम होने लगा है और कांग्रेस के मंत्री खुले मंचों से सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर कर चुके हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि राजस्थान की जनता ने इन सबसे तंग आकर देश की सबसे बडी पार्टी भाजपा को मत और बहुमत देने का मन बना लिया हैै।

इस अवसर पर अरूण सिंह ने दावा करते हुए कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की कमजोर सरकार के दिन लद चुके हैं। कार्यकर्ताओं के जूनून को देखकर स्पष्ट है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।

जोशी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले सभी लोगों को संगठित होकर पार्टी हित में काम करने के लिए संकल्प दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने भ्रष्टाचार को खुद ही कबूल कर लिया। कांग्रेस में ना तो नैतिकता बची है ना ही शिष्टाचार। राठौड ने कहा कि भ्रष्टाचार और नौकरी भर्तियों में घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के जोश के कारण इस बार कांग्रेस का सफाया होने वाला है।

डा पूनियां ने कहा कि कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री महरियां ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रवक्ता विधायक रामलाल शर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधायक वासुदेव देवनानी सहित पार्टी के कई नेताओं सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि महरिया लगातार 12वीं, 13वीं एवं 14वीं लोकसभा के लिए सीकर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के रुप में सदस्य चुने गए। उन्होंने वर्ष 1999 में कांग्रेस के दिग्गज नेता बलराम जाखड़ को चुनाव हराकर दूसरी बार लोकसभा पहुंचे। इससे पहले उन्होंने वर्ष 1998 में कांग्रेस के हरिसिंह को हराकर पहली बार सांसद चुने गए। महरिया ने वर्ष 2004 में प्रदेश में कांग्रेस के दिग्गज नेता नारायण सिंह को हराकर तीसरी बार लोकसभा सदस्य चुने गए। उन्हें अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री भी बनाया गया।

वह वर्ष 2009 में कांग्रेस के महादेव सिंह खंडेला से लोकसभा का चुनाव हार गए और वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्हें भाजपा से टिकट नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में चुनाव लड़ा लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद वह वर्ष 2016 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने गत लोकसभा चुनाव कांग्रेस उम्मीदवार के रुप में लड़ा लेकिन भाजपा प्रत्याशी सुमेधानंद सरस्वती के सामने चुनाव हार गए।