
जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी ने कहा है कि एग्जिट पोल मे पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलता दिख रहा है जिससे कार्यकर्ता उत्साहित है।
सैनी ने आज यहां प्रदेश कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों एवं मोर्चो के प्रदेशाध्यक्षओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के मिशन को पूरा करने में राज्य की जनता द्वारा दिए गए योगदान के लिए वह आमजन का आभार व्यक्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में नगर निकायों, नगरपालिकओं एवं पंचायतों के चुनाव आने वाले है, जिनके लिए भी व्यूह रचना बनाकर काम करना है। उन्होंने कहा कि राज्य में इस समय सबसे बड़ी समस्या पानी, बिजली, शिक्षा, चिकित्सा के क्षेत्र में हैं, जिनका निराकरण करने के लिए हमें अपना योगदान देना है।
बैठक में विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि इस चुनाव में जनता ने अपना वोट उस व्यक्ति को दिया है जो देश की सीमाओं को सुरक्षित रख सकता है। इस चुनाव में जनता ने आतंकवाद से मुक्ति के लिए भी वोट दिया है। साथ ही केन्द्र सरकार की उन योजनाओं के लिए भी वोट दिया है, जिनके माध्यम से गरीबी समाप्त की जा सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस द्वारा केवल 10 दिन में किसानों की पूर्ण कर्जमाफी करने के झूठे वादे से नाराज जनता ने भी कांग्रेस को सबक सिखाया है।
राष्ट्रीय स्तर पर सेना पर सवाल खड़े करने तथा देशद्रोह कानून को कमजोर करने जैसी बातों के कारण देश की जनता ने कांग्रेस को खारिज कर दिया है। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी भी उपस्थित रहे।