
रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के आदिवासी अंचल सैलाना में फायनेन्स कंपनी के एक कर्मचारी द्वारा कर्ज की किश्त लेने के बहाने एक आदिवासी विवाहिता के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सैलाना थानान्तर्गत ग्राम पागडिया मउडी की आदिवासी विवाहिता ने बताया कि उसने रतलाम की एक फायनेन्स कंपनी से कुछ कर्ज लिया था। इस कर्ज की किश्ते लेने के लिए कंपनी का कर्मचारी रोहित उसके घर आता था। पिछली 6 मार्च के दिन दोपहर में जब रोहित कर्ज की किश्त लेने उसके घर पहुंचा, तो उसने विवाहिता को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला का पति मजदूरी करने गुजरात गया हुआ था, इसलिए वह उस समय दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज नहीं करवा पाई थी। चौबीस वर्षीय विवाहित महिला के पति के घर लौटने पर उसने अपने पति को घटना बताई और दुष्कर्म की रिपोर्ट करने थाने पर पहुंची। सैलाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आरोपी को तलाश कर रही है।