

सीवान। बिहार में सीवान जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में आज एक निजी बस के पलट जाने से पांच यात्रियों की मौत हो गई तथा कई अन्य घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि गोपालगंज से सीवान आ रही एक निजी बस अमलौरी बी.एड. कॉलेज के निकट अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में पांच यात्रियों की मौत हो गई तथा कई अन्य घायल हो गए। घायलों को सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों की तत्काल पहचान नहीं की जा सकी है।
सूत्रों ने बताया कि घायलों में कुछ की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। दुर्घटना के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी चिकित्सकों की टीम के साथ मौके पर पहुंच कर कैंप कर रहे हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।