

अजमेर। पूर्व प्रधान मंत्री एचडी देवगौड़ा उनके पुत्र और कर्नाटक के मुख्यमंत्री वी कुमार स्वामी तथा उनकी पुत्रवधु ने आज अजमेर स्थित तीर्थराज पुष्कर में जगतपिता ब्रह्मा के दर्शन किए।
तय समय से दो घंटे देर से पुष्कर पहुंचा देवगौड़ा परिवार पौन घंटे से ज्यादा मंदिर में रुका। कर्नाटक से लाए गए पंडितों और कुछ स्थानीय पंडितों ने बंद कमरे में इस परिवार को पूजा कराई। इससे पूर्व मंदिर पुजारी लक्ष्मीनारायण वशिष्ठ ने उनकी अगवानी की।
दर्शन के बाद मुख्यमंत्री कुमार स्वामी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कर्नाटक में गठबंधन सरकार अच्छा काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारा ईश्वर में अटूट एवं पक्का विश्वास है। गठबंधन सरकार के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार में सब कुछ ठीक चल रहा है। सरकार सही तथा सकारात्मक दिशा में काम कर रही है।
इसके बाद देवगौड़ा परिवार ने ब्रह्म घाट पहुंचकर पवित्र पुष्कर सरोवर की पूजा अर्चना की तथा कुछ देर एक विश्राम करने के बाद देवगौड़ा का काफिला महान सूफी संत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह में हाजिरी लगाने पहुंचा। सभी ने ख्वाजा साहब की मजार पर मखमली चादर एवं पुष्प पेश कर देश एवं प्रदेश में अमन चैन तथा बाढ़ पीड़ितों की सलामती के लिए दुआ मांगी।