Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
राजस्थान : राज्यसभा चुनाव के लिए घनश्याम तिवाड़ी भाजपा से उम्मीदवार - Sabguru News
होम Breaking राजस्थान : राज्यसभा चुनाव के लिए घनश्याम तिवाड़ी भाजपा से उम्मीदवार

राजस्थान : राज्यसभा चुनाव के लिए घनश्याम तिवाड़ी भाजपा से उम्मीदवार

0
राजस्थान : राज्यसभा चुनाव के लिए घनश्याम तिवाड़ी भाजपा से  उम्मीदवार

जयपुर। राजस्थान से राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने घनश्याम तिवाड़ी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने राजस्थान में आगामी दस जून को होने वाले राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2022 के लिए तिवाड़ी को पार्टी का प्रत्याशी बनाए जाने पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता तिवाड़ी राज्य में भाजपा सरकार में ऊर्जा एवं शिक्षा मंत्री रह चुके हैं। गत विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा छोड़ दी थी और भारत वाहिनी पार्टी का गठन कर जयपुर के सांगानेर से चुनाव लड़ा था लेकिन वह सफल नहीं हो पाये। इसके बाद वह कांग्रेस में शामिल हो गए। लेकिन तिवाड़ी कांग्रेस में ज्यादा दिन नहीं रह पाए और वह वर्ष 2020 के आखिरी में फिर भाजपा में आ गए।

तिवाड़ी वर्ष 2003 से 2013 तक सांगानेर से लगातार तीन बार विधायक चुने गए। इससे पहले वह वर्ष 1993 में जयपुर के चौमूं तथा वर्ष 1980 एवं इसके बाद 1985 में सीकर से भी विधायक रहे।

उल्लेखनीय है कि दस जून को चार सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव में विधायकों की संख्या बल के आधार पर दो कांग्रेस एवं एक भाजपा की जीत मानी जा रही है और अगर भाजपा दूसरा उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में उतारती है तो चौथी सीट पर रोचक मुकाबले की संभावना है। ये चारों ही सीटें भाजपा सांसदों की रिक्त हो रही है। वर्तमान में राज्य की दस राज्यसभा सीटों पर भाजपा के सात एवं कांग्रेस के तीन सांसद हैं।