
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले की गोला गोकर्णनाथ विधान सभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अमन गिरि ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी विनय तिवारी को 34 हजार से अधिक मतों से पराजित कर दिया।
रविवार को हुई मतगणना के बाद घोषित किए गए चुनाव परिणाम में गिरि ने तिवारी काे 34,298 मतों से पराजित करके विजय हासिल की है। इस सीट पर शुरू से ही भाजपा व सपा के बीच सीधी लड़ाई में भाजपा को 1,24,810 और सपा को 90,512 मत मिले।
ज्ञात हो कि यह सीट भाजपा के विधायक अरविन्द गिरि के हाल ही में हुए निधन के कारण रिक्त हो गई थी। भाजपा ने अरविन्द गिरि के पुत्र अमन गिरि को अपना प्रत्याशी घोषित किया जबकि सपा ने पूर्व प्रत्याशी विनय तिवारी को ही टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा था। भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने मतगणना स्थल मण्डी समिति के गेट पर ढोल बजाकर व गुलाल के साथ खुशियां मनाई।