Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
वैश्विक तेजी के दम पर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा सोना-Gold hits record
होम Business वैश्विक तेजी के दम पर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा सोना

वैश्विक तेजी के दम पर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा सोना

0
वैश्विक तेजी के दम पर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा सोना
Gold hits record on global growth worries
Gold hits record on global growth worries
Gold hits record on global growth worries

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रही तेजी और घरेलू जेवराती ग्राहकी आने से मंगलवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 150 रुपए की छलांग लगाकर रिकॉर्ड 31,950 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। औद्योगिक मांग निकलने से चांदी भी 250 रुपए चमककर 39,750 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर पांच सप्ताह के निचले स्तर पर चला गया है। इसके साथ ही अमरीका और रूस के बीच तनाव बढ़ने की आशंका से भी पीली धातु को बल मिला है।

ब्रिटेन में रूस के पूर्व जासूस पर हुए नर्व गैस हमले के जवाब में यूरोप के अन्य देशों के साथ सुर में सुर मिलाते हुए अमरीका ने भी 60 रूसी राजनयिकों को हटाने की धमकी दी है। रूस के उप विदेश मंत्री सर्गेई रयाब्कोव ने कहा है कि उनका देश इसका सख्त जवाब देगा।

भूराजनैतिक उथलपुथल से संबल पाते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना हाजिर 0.16 प्रतिशत की तेजी में 1,355.19 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। अप्रेल का अमरीकी सोना वायदा सपाट रहा और यह 1,355 डॉलर प्रति औंस बोला गया। विदेशों में चांदी हाजिर भी 0.05 डॉलर की तेजी में 16.70 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एस के जैन के मुताबिक विदेशी बाजारों में रही तेजी के कारण घरेलू स्तर पर पीली धातु के भाव बढ़े हैं। घरेलू मांग भी ठीक ठाक है जिससे सोने की चमक बरकरार बनी हुई है। आने वाले दिनों में सोने के दाम अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से प्रभावित रहेंगे।

वैश्विक तेजी के दम पर गिरावट से उबरता हुआ सोना स्टैंडर्ड 150 रुपए की बढ़त बनाता हुआ 31,950 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 31,800 रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपए पर स्थिर रही।

औद्योगिक मांग निकलने से चांदी हाजिर 250 रुपए की तेजी में 39,750 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी वायदा 220 रुपए की बढ़त में 38,980 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 74 हजार और 75 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे।

दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में) इस प्रकार रहे:-

सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 31,950
सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 31,800
चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम: 39,750
चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 38,980
सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 74,000
सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा :75,000
गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,800