
जयपुर। राजस्थान में नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा है कि वह सबको साथ लेकर चलेंगे और उनका प्रयास रहेगा कि राज्य में वर्ष 2023 में फिर कांग्रेस की सरकार बने।
डोटासरा ने आज यहां अपना पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि वह अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिये दिन रात काम करेंगे और 36 कौम को साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि राज्य में वर्ष 2023 में फिर कांग्रेस की सरकार बने।
उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाने पर पार्टी अध्यक्ष सोनिया सोनिया गांधी एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी का आभार जताते हुए कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी सौंपी, जो किसान परिवार से आता है पिताजी सरकारी स्कूल में शिक्षक थे। एक साधारण से कार्यकर्ता को पार्टी ने इतना बड़ा सम्मान दिया है, पार्टी के लिए जो संभव होगा वह सब कुछ करेंगे।
उन्होंने कहा कि आज सरकार और संगठन एक साथ एकत्रित हुए हैं। उन्होंने क्षेत्र की जनता का भी आभार प्रकट करते हुए कहा कि किसान, दलित, नौजवान भाइयों की आशा और अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य में अशोक गहलोत के नेतृत्व में राज्य सरकार अच्छा काम कर रही है और जनता की आशा से बनी हुई सरकार हैं और वह पूरे पांच साल चलेगी। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस कार्यकर्ता की भावना को अच्छी तरह समझते हैं और उनकी समस्या एवं दुखदर्द में वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।
उन्होंने कहा कि वह हमेशा कार्यकर्ताओं के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी मिलने से अब उनकी जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। उन्होंने लक्ष्मणगढ़ की जनता का भी आभार जताते हुए कहा कि जिस तरह उसने उनका साथ दिया, वह उसका एहसान कभी नहीं चुका पाएंगे।
डोटासरा ने मौजूदा सियासी हालात पर कहा कि इससे पहले विधानसभा के चार सत्र हो चुके हैं ऐसी स्थिति नहीं बनी लेकिन अब पांचवें सत्र के लिए मना किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों की तरह राजस्थान में भी लोकतंत्र की हत्या का प्रयास किया जा रहा है।
गोविंद सिंह डोटासरा ने संभाला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद भार