

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिला न्यायालय परिसर में स्थित अशोक वाटिका में मंगलवार दोपहर गोली चलने से लोगों में हड़कंप मच गया। गोली चलने से कोई घायल नहीं हुआ है। यह पता नहीं चल सका है कि गोली किसने और क्यों चलाई।
सूत्रों के अनुसार अपराह्न सवा 12 बजे जिला न्यायालय के अशोक वाटिका में गोली चली। पुलिस ने घटना स्थल से गोली का खाली खोखा बरामद किया है। गोली परिसर में एक टाइपिंग मशीन में लगी। पुलिस ने टाइपिंग मशीन को भी कब्जे में ले लिया है। टाइपिंग मशीन के पास खड़ी एक महिला और टाइपिस्ट को पुलिस ने पूछताछ के लिए अभिरक्षा में लिया है।
गोली चलने की सूचना मिलने पर कलेक्टर महेश चंद्र चौधरी, पुलिस अधीक्षक शशिकांत शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल घटना स्थल में पहुंच गया था। घटना की जांच की जा रही है। फिलहाल यह पता नहीं लग सका है कि गोली किसने चलाई या किसी से गलती से चल गई।