

पटना। हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के बागी नेता नरेंद्र सिंह ने रविवार को पार्टी पर दावा करते हुए अपने समर्थकों के साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के घटक जनता दल यूनाईटेड में शामिल होने की घोषणा की।
बिहार के पूर्व मंत्री एवं हम के वरिष्ठ नेता सिंह ने यहां बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ बैठक करने के बाद कहा कि वरिष्ठ नेता गजेन्द्र मांझी को हम का राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी को राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से हटा दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री मांझी का राष्ट्रीय जनता दल के साथ हाथ मिलाने का फैसला उनके लिए वाटरलू का मैदान साबित होगा।
सिंह ने कहा कि राजग आज समय की मांग है जबकि राजद के साथ जाना महज एक धोखा है। उन्होंने कहा कि राजद के जंगल राज के खिलाफ उन्होंने लम्बी लड़ाई लड़ी और मांझी को उन्होंने ही बुरे समय में मदद की है।
मांझी ने राजद के साथ हाथ मिलाकर उन्हें और हम के कार्यकर्ताओं की पीठ में छुरा घोपने का काम किया है। उन्होंने कहा कि राजग की छतरी के नीचे छोटी-छोटी पार्टियों का कोई मतलब नहीं रह गया है इसलिए उन्होंने जदयू में शामिल होने का निर्णय लिया है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि बैठक में आए सभी कार्यकर्ताओं ने मांझी को पद से हटाने का फैसला किया है। उन्होंने पार्टी के अपने गुट को असली होने का दावा करते हुए कहा कि पार्टी अपनी पुरानी नीतियों पर कायम है।
हम के कार्यकर्ता आज भी राजग के साथ हैं और उनका राजद से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि मांझी को मुख्यमंत्री बने रहने देने के लिए उन्होंने नीतीश कुमार का विरोध किया था लेकिन अब लगता है कि उनका यह फैसला गलत था।