

अजमेर। गीत, गजल और कविता के अनूठे संगम के बीच ठहाकों की गूंज और वातावरण को गुंजायमान करती तालियों की गडगडाहट ने अजयमेरू प्रेस क्लब की ओर से शनिवार शाम जवाहर रंगमंच पर आयोजित हास्य कवि सम्मेलन गुदगुदी को यादगार बना दिया।
देश विदेश में प्रख्यात हास्य व्यंग्य की कविताओं के सरताज संपत सरल के सामाजिक, सांस्कृतिक व राजनीतिक विसंगतियों पर चलाए गए व्यंग्य बाणों ने निशाना नहीं चूका और सुधि श्रोताओं की दाद हासिल की।

इसी तरह हास्य कवि बुद्धीप्रकाश दाधीच ने हिन्दी और मारवाडी में चुटहली हास्य रचनाओं ने खूब हंसाया। देखते ही देखते कवि सम्मेलन उंचाईयों को छूता गया। हास्य के रंगों के बीच विशिष्ट शैली के लिए प्रतिष्ठित रास बिहारी गौड भी अपनी रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाया।
जाने माने गीतकार गापाल गर्ग ने सुरीले गीतों के जरिए और अपने तीखे तेवरों के लिए पहचाने जाने वाले सुरेन्द्र चतुर्वेदी की गजलों ने खूब दाद हासिल की। आरंभ में क्लब के अध्यक्ष प्रतापसिंह सनकत ने सभी अतिथि कवियों का स्वागत किया। क्लब के संस्थापक अध्यक्ष डॉ.रमेश अग्रवाल ने क्लब की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
पद्मश्री देवल व संपत सरल को मानद सदस्यता
साहित्यकार पद्मश्री डॉ. चंद्र प्रकाश देवल और हास्य कवि संपत सरल को अजयमेरू प्रैस क्लब की मानद सदस्यता प्रदान की गई। क्लब द्वारा पूर्व राज्यपाल अंशुमानसिंह, प्रख्यात समाज सेवी नोबेल के शांति पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी, आरटीआई कानून के लिए लंबी लड़ाई लड़ने वाली रमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित अरुणा राय, प्रख्यात पत्रकार डॉ. वेद प्रताप वैदिक, स्व. प्रभाष जोशी जैसी नामचीन शख्शियतों को क्लब मानद सदस्यता प्रदान कर चुका है।