Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
हिमाचल विधानसभा चुनाव : भाजपा की पहली सूची में 62 में से 19 नए चेहरे - Sabguru News
होम Breaking हिमाचल विधानसभा चुनाव : भाजपा की पहली सूची में 62 में से 19 नए चेहरे

हिमाचल विधानसभा चुनाव : भाजपा की पहली सूची में 62 में से 19 नए चेहरे

0
हिमाचल विधानसभा चुनाव : भाजपा की पहली सूची में 62 में से 19 नए चेहरे

शिमला। हिमाचल विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने टिकटों में भी रिवाज बदलते हुए इस बार करीब एक तिहाई नए चेहरों को जगह दी है। यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बुधवार को यहां दी।

उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से जारी प्रत्याशियों की पहली सूची में 62 में से 19 प्रत्याशी ऐसे हैं जो पहली बार चुनावी मैदान में उतरेंगे। पार्टी की मजबूती के लिए काम करने वाले आम कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को भी चुनाव लड़ने का मौका दिया है।

कश्यप के अनुसार प्रत्याशियों की पहली सूची में 62 में से पांच महिलाओं, चार डॉक्टरों समेत एक रिटायर आईएएस अफसर को टिकट दिया गया। महिला प्रत्याशियों की बात करें तो चंबा विधानसभा सीट पर इंदिरा कपूर को पहली बार टिकट दिया गया है। जबकि कैबिनेट मंत्री सरवीण चैाधरी को शाहपुर, विधायक रीना कश्यप को पच्छाद से और इंदौरा सीट से रीता धीमान को हाईकमान ने फिर से भरोसा जताया है। उधर, रोहड़ू सीट पर पूर्व प्रत्याशी शशि बाला को भी टिकट दिया गया।

सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी झंडूता से विधायक जेआर कटवाल को एक बार फिर से मौका मिल गया। इसके साथ-साथ भाजपा ने दो पूर्व सैनिकों को भी चुनावी मैदान में उतार दिया है। सुजानपुर विधानसभा सीट से कैप्टन रणजीत सिंह भाजपा प्रत्याशी होंगे। वह पहली बार चुनाव लड़ेंगे जबकि भटियात विधानसभा क्षेत्र से बिक्रम जरयाल पर पार्टी ने फिर से भरोसा जताया है।

जिन चार डॉक्टरों को टिकट मिला है, उनमें से दो मेडिकल डॉक्टर और दो आयुर्वेदिक चिकित्सक हैं। भरमौर विधानसभा सीट से डा. जनकराज और सोलन सीट से डा. राजेश कश्यप मेडिकल डॉक्टर हैं, डॉक्टर अनिल धीमान भोरंज भी मेडिकल डॉक्टर है जबकि डॉ. राजीव सैजल और डॉ. राजीव बिंदल आयुर्वेदिक चिकित्सक हैं। इसी तरह लाहौल-स्पीति विधानसभा सीट से डा. रामलाल मारकंडा, भोरंज सीट से डा. अनिल धीमान और चुराह से डा. हंसराज पीएचडी होल्डर हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने तीनो महामंत्रियों को इस बार चुनाव मैदान में उतारा है। इनमें सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल को फिर से टिकट मिला है, जबकि त्रिलोक जम्वाल पहली बार बिलासपुर सदर से और त्रिलोक कपूर पहली बार पालमपुर से चुनाव लड़ेंगे।

कश्यप ने कहा कि कांग्रेस पुराने चेहरों पर दाव लगा रही है। उनके कुनबे में बिखराव है और परिवारवाद बिलकुल हावी है, वहीं भाजपा अपने सशक्त उम्मीदवारों और नेतृत्व के दम पर आगामी चुनाव में रिवाज बदल कर दुबारा हिमाचल में सत्ता पर काबिज हो कर जनता की सेवा करेगी।