Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Hockey World Cup Opening Ceremony 2018 in bhubaneswar-भुवनेश्वर : भव्य उद्घाटन समारोह ने बिखेरा हॉकी का जादू - Sabguru News
होम Odisha Bhubaneswar भुवनेश्वर : भव्य उद्घाटन समारोह ने बिखेरा हॉकी का जादू

भुवनेश्वर : भव्य उद्घाटन समारोह ने बिखेरा हॉकी का जादू

0
भुवनेश्वर : भव्य उद्घाटन समारोह ने बिखेरा हॉकी का जादू
Hockey World Cup Opening Ceremony 2018 in bhubaneswar
Hockey World Cup Opening Ceremony 2018 in bhubaneswar
Hockey World Cup Opening Ceremony 2018 in bhubaneswar

भुवनेश्वर। 1975 की विश्व कप विजेता भारतीय टीम के सदस्यों की मौजूदगी, कलिंगा स्टेडियम में झिलमिलाती रोशनी, बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख़ खान के मशहूर डायलॉग ‘70 मिनट हैं तुम्हारे पास’, ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान के मधुर संगीत, बॉलीवुड अदाकारा माधुरी दीक्षित की मनमोहक प्रस्तुति और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ मंगलवार को यहां हॉकी विश्व कप का बेहतरीन आगाज हो गया।

ओड़िशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने 28 नवंबर से 16 दिसंबर के बीच होने वाले हॉकी विश्व कप का विधिवत उद्घाटन किया। पटनायक ने ओडिशावासियों और विश्वभर से आये हॉकी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि मैं सभी अंतरराष्ट्रीय हॉकी टीमों, प्रतिनिधियों और अधिकारियों का स्वागत करता हूं। आप ओडिशा के 4.5 करोड़ लोगों के अतिथि हैं।

अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ और भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ नरेंद्र ध्रुव बत्रा ने इस अवसर पर कहा कि भारत में पहली बार इतना शानदार आयोजन हो रहा है। मैं इसके लिए ओड़िशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का आभार व्यक्त करता हूं। उनके प्रयास से हॉकी विश्वकप का आयोजन संभव हो पाया है।

विश्व कप में हिस्सा ले रही सभी 16 टीमों के कप्तान मंच पर मौजूद थे। पटनायक और बत्रा ने सभी कप्तानों से हाथ मिलाया। पटनायक ने शाहरुख़ को गले भी लगाया और किंग खान ने झुकते हुए मुख्यमंत्री का अभिवादन किया।

हाथ में हॉकी स्टिक लिए शाहरुख़ ने जब अपनी मशहूर फिल्म चक दे इंडिया का डायलॉग ‘70 मिनट हैं तुम्हारे पास’ बोला तो खचाखच भरा कलिंगा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। शाहरुख ने ओड़िशा के मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उनका आभार जताया कि उन्हें यहां आने का मौका दिया गया।

शाहरुख़ ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए अपना हॉकी प्रेम भी प्रदर्शित किया। उन्होंने कहा कि हॉकी से उनका बचपन से लगाव रहा है, क्योंकि उनके पिता एक हॉकी खिलाड़ी रहे हैं। उल्लेखनीय है कि कलिंग सेना ने शाहरुख पर स्याही फेंकने की धमकी दी थी, लेकिन उद्घाटन समारोह से पहले अपनी धमकी वापस ले ली थी जिसके बाद शाहरुख मंगलवार को ओडिशा पहुंचे।

मशहूर बॉलीवुड अदाकारा माधुरी दीक्षित ने बेहतरीन पारंपरिक परफॉर्मेंस दिया। माधुरी पहले सफेद लिबास में उतरीं और कुछ देर के बाद काले, नीले और फिर गुलाबी लिबास में लौटीं। माधुरी ने ‘धरती का गीत’ नामक नृत्य नाटिका में 1000 कलाकारों के साथ प्रस्तुति दी। इस नृत्य नाटिका की लेखिका और निर्देशिका नुपुर महाजन हैं और माधुरी ने इसमें धरती मां की भूमिका निभाई। ओडिशा की पारम्परिक प्रस्तुति ने दर्शकों को जैसे सम्मोहित कर दिया।

ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान के ‘मां तुझे सलाम’ और ‘जय हो’ गाने पर दर्शक झूम उठे और स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंग गया। रहमान ने जैसे ही ‘जय हो’ गाने की शुरुआत की तो पूरा स्टेडियम झूम उठा। रहमान ने मां तुझे सलाम गीत पर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रहमान के साथ जोनिता गांधी ने ‘दिल है छोटा सा’ गाया। उन्होंने सबसे पहले अपने मशहूर गाना ‘दिल से रे’ पेश किया।

रहमान ने हॉकी विश्व कप 2018 के आधिकारिक गीत ‘जय हिंद, जय हिंद, जय इंडिया’ को गाया और स्टेडियम में तिरंगे की रोशनी और आतिशबाजी के साथ हॉकी विश्व कप का बिगुल बज गया।

पहली बार भारत में ड्रोन लेजर शो का कार्यक्रम पेश किया गया और आकाश में बेहतरीन आतिशबाजी ने तो समा ही बांध दिया। उद्घाटन समारोह में सभी टीमों के कप्तान एक-एक कर मैदान में पहुंचे। मुख्यमंत्री पटनायक ने हॉकी विश्व कप में हिस्सा लेने वाली टीमों का स्वागत किया।

समारोह की शुरुआत में अजीत पाल सिंह की अगुवाई वाली 1975 हॉकी विश्व कप विजेता हॉकी टीम का मंच पर स्वागत और सम्मान हुआ। गौरतलब है कि भारत ने अब तक एक बार ही हॉकी विश्व कप जीता था और वह इसी टीम की बदौलत मुमकिन हुआ था। अजीत पाल ने उस विश्व कप जीत का अनुभव दर्शकों के साथ साझा किया।

ओड़िशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और एआर रहमान ने कुछ ही दिन पहले हॉकी विश्व कप का आधिकारिक गीत लॉन्च किया था। टूर्नामेंट में भारत अपना पहला मुकाबला बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगा।