Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
खट्टर सरकार से समर्थन वापस लें दुष्यंत चौटाला : कांग्रेस - Sabguru News
होम Delhi खट्टर सरकार से समर्थन वापस लें दुष्यंत चौटाला : कांग्रेस

खट्टर सरकार से समर्थन वापस लें दुष्यंत चौटाला : कांग्रेस

0
खट्टर सरकार से समर्थन वापस लें दुष्यंत चौटाला : कांग्रेस

नई दिल्ली। कांग्रेस ने कहा है कि हरियाणा के उप मुख्यमंत्री एवं जननायक जनता पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला ने किसानों के साथ विश्वासघात किया है और उन्हें जनहित में राज्य सरकार से समर्थन वापस लेना चाहिए।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने रविवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि चौटाला किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेने की बजाय राजनीति कर रहे है और भाजपा नेताओं की खुशामद में लगे हैं। उन्हें जनता के साथ विश्वासघात करने की बजाय मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली सरकार से तत्काल समर्थन वापस लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जजपा नेता को भाजपा नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों से बातचीत करने का ढोंग तथा फोटो खिंचवाने की बजाय अपने पद से त्यागपत्र देकर राज्य सरकार से समर्थन वापिस लेना चाहिए।

प्रवक्ता ने कहा कि दुष्यंत के पास सत्ता की मलाई में हिस्सेदारी के लिए भाजपा नेताओं से नगर परिषद और नगर पालिकाओं के चुनावी गठबंधन और राजनीतिक सौदेबाजी करने के लिए समय है लेकिन किसान आंदोलनकारियों से बात करने की फुर्सत नहीं है और यह उनकी प्राथमिकताओं को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता को भलीभांति याद है कि राज्य विधानसभा चुनाव से पहले जजपा और चौटाला किस प्रकार से भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, सरकारी नौकरियों में हेराफेरी और किसानों की परेशानियों की बात करते थे लेकिन विधानसभा चुनावों में जजपा और चौटाला ने भाजपा को मदद करने के लिए अपने प्रत्याशी उतारे और उसे जीतने में मदद की।

सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार ने किसान आंदोलन को कमजोर करने के लिए सड़क खोदने, आंसू गैस-वाटर कैनन-लाठीचार्ज करने के साथ ही किसानों को बदनाम करने के लिए खालिस्तानी-चीन-पाकिस्तान के समर्थन से चलने वाला आंदोलन बताने जैसे शर्मनाक हथकंडे अपनाये है। राज्य की जनता ने यह सब देखा है, इसके बावजूद चौटाला सत्ता से चिपके हैं।

उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि किसान अपनी आजीविका, रोजी रोटी और खेत खलिहान को बचाने की लड़ाई लड़ रहा है लेकिन भाजपा के विरोध में वोट मांग कर भाजपा की गोदी में बैठी जजपा अपने मतदाताओं को धोखा देकर उनसे विश्वासघात कर रही है।