Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
In 2019 these stalwarts associated with politics will not be with us - Sabguru News
होम India वर्ष 2019 में राजनीति क्षेत्र से जुड़े ये दिग्गज हमारे बीच नहीं रहे

वर्ष 2019 में राजनीति क्षेत्र से जुड़े ये दिग्गज हमारे बीच नहीं रहे

0
वर्ष 2019 में राजनीति क्षेत्र से जुड़े ये दिग्गज हमारे बीच नहीं रहे

जयपुर। पूर्व रक्षामंत्री जॉर्ज फर्नांडीज:- जॉर्ज फर्नांडिस वाजपेयी सरकार के दौरान देश के रक्षामंत्री रहे थे। जॉर्ज फर्नांडिस ने भारत सरकार में रक्षा मंत्रालय, उद्योग मंत्रालय जैसे कई अहम विभाग संभाले थे।

भारत के पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस का 29 जनवरी 2019 को नई दिल्ली के मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। वे 88 वर्ष के थे। जॉर्ज फर्नांडिस लंबे समय से बीमार चल रहे थे, वो अल्जाइमर नाम की बीमारी से परेशान थे। वाजपेयी सरकार के दौरान जॉर्ज फर्नांडिस देश के रक्षामंत्री रहे थे। अंतिम बार वे अगस्त 2009 से जुलाई 2010 के बीच तक राज्यसभा सांसद रहे थे। फर्नांडिस ने भारत सरकार में रक्षा मंत्रालय, उद्योग मंत्रालय जैसे कई अहम विभाग संभाले थे।

गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर

गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर पिछले एक साल से अग्नाशय के कैंसर से पीड़ित थे। मनोहर पर्रिकर अपनी सादगी के लिए पूरे देश भर में जाने जाते थे। उनका इलाज अमरीका के साथ-साथ नई दिल्ली स्थित एम्स और मुंबई के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर का 17 मार्च 2019 को निधन हो गया। वे 63 वर्ष के थे। मनोहर पर्रिकर पिछले एक साल से अग्नाशय के कैंसर से पीड़ित थे।

उनका इलाज अमेरिका के साथ-साथ नई दिल्ली स्थित एम्स और मुंबई के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। मनोहर पर्रिकर की बीते कुछ समय से तबीयत लगातार खराब चल रही थी। हालांकि, उन्होंने नाक में नोज पाइप लगाए हुए जनवरी 2019 में राज्य का बजट भी पेश किया था और कई अन्य जगहों पर भी सरकार के द्वारा किए जा रहे कामों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। गोवा में प्रशासनिक कार्यों पर उनकी छाप अमिट रहेगी।

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता शीला दीक्षित

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शीला दीक्षित का 20 जुलाई 2019 को निधन हो गया। वे 81 वर्ष की थी। वे पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सोनिया गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत तमाम नेता उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्हें लोकसभा चुनाव-2019 के दौरान दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने उत्तर-पूर्व दिल्ली से लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन मनोज तिवारी के सामने उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वे कुछ समय के लिए केरल की राज्यपाल भी रहीं थी।

भाजपा की कद्दावर नेता और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज

भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता और भारत की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का 6 अगस्त 2019 को निधन हो गया। वे 67 वर्ष की थीं। उनका आकस्मिक निधन हृदयघात के कारण हुआ था। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों में सुषमा स्वराज ने घोषणा की थी कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगी।

सुषमा स्वराज ने अपने राजनैतिक कार्यकाल के दौरान विभिन्न उपलब्धियां हासिल की थीं। वे 25 वर्ष की आयु से ही राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रही थीं। उन्होंने स्थानीय राजनीति से विदेश मंत्री तक का पद हासिल किया था। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं राहुल गांधी सहित देश-विदेश की विभिन्न जानी-मानी हस्तियों ने सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शोक  संदेश में कहा कि सुषमा स्वराज के निधन के साथ ही भारतीय राजनीति का एक महान अध्याय समाप्त हो गया है।

पूर्व वित्त मंत्री और पीएम मोदी के मित्र अरुण जेटली

भारत के पूर्व वित्त मंत्री और बीजेपी के वरिष्‍ठ नेता अरुण जेटली का 24 अगस्त 2019 को निधन हो गया। वे 9 अगस्‍त से दिल्‍ली स्थित एम्‍स में भर्ती थे। अरुण जेटली को सांस लेने में तकलीफ के चलते एम्‍स में भर्ती कराया गया था। वे 66 वर्ष के थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरुण जेटली के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि अरुण जेटली का राष्‍ट्र निर्माण में अहम योगदान है। मैंने उनके रूप में दोस्‍त को खो दिया है। अरुण जेटली जी राजनीतिक दिग्‍गज थे। उनके अलावा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, गृहमंत्री अमित शाह तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी शोक व्यक्त किया।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्रा का 19 अगस्त 2019 को दिल्ली में निधन हो गया। वे 83 साल के थे। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था।

उनकी पत्नी वीणा मिश्रा का भी जनवरी 2019 में गुड़गांव के एक हॉस्पीटल में 73 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। डॉ. जगन्नाथ मिश्रा तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके थे। वे साल 1975 में पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री बने थे। वे दूसरी बार साल 1980 में बिहार के मुख्यमंत्री बने थे। फिर तीसरी बार साल 1989 से साल 1990 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे थे।

शंभू नाथ गौतम, वरिष्ठ पत्रकार