
चेन्नई। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के आखिरी ओवर में लगाए गए तीन छक्कों सहित नाबाद 75 रन की जबरदस्त पारी की बदौलत गत चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल-12 के मुकाबले में रविवार को रोमांचक संघर्ष में आठ रन से हरा दिया और इसके साथ ही जीत की हैट्रिक पूरी कर ली।
चेन्नई ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 175 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया और राजस्थान को 20 ओवर में आठ विकेट पर 167 रन पर रोक लिया। चेन्नई के लिए दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, इमरान ताहिर और ड्वेन ब्रावो ने दो-दो विकेट लेकर टीम को जीत दिला दी। राजस्थान को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा।
धोनी ने 46 गेंदों पर नाबाद 75 रन की पारी में चार चौके और चार छक्के लगाए। धोनी ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट के पारी के आखिरी ओवर में तीन छक्के उड़ाए। इसी ओवर में रवींद्र जडेजा ने भी छक्का लगाया। उनादकट के इस ओवर में कुल 28 रन पड़े जिसने एक झटके में चेन्नई के स्कोर को 175 रन पर पहुंचा दिया जबकि एक समय चार विकेट 88 रन पर गंवाने के बाद चेन्नई के लिए 150 तक पहुंचना मुश्किल लग रहा था। मैच में अंत में यही ओवर निर्णायक साबित हो गया।
चेन्नई के कप्तान ने जैसे अपना सर्वश्रेष्ठ अंतिम ओवरों के लिए संभाल कर रखा था। उन्होंने जोफ्रा आर्चर की गेंद पर चौका मारकर आईपीएल में अपना 21वां अर्धशतक पूरा किया। धोनी का राजस्थान के खिलाफ यह पहला अर्धशतक था। धोनी ने इस तरह आईपीएल में अपना दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर बना डाला। उन्होंने पिछले सत्र में मोहाली में पंजाब के खिलाफ नाबाद 79 रन बनाए थे।
धोनी ने सुरेश रैना के साथ चौथे विकेट के लिए 61 रन, ड्वेन ब्रावो के साथ पांचवें विकेट के लिए 56 रन और जडेजा के साथ छठे विकेट की अविजित साझेदारी में 31 रन जोड़े। रैना ने 32 गेंदों पर 36 रन में चार चौके और एक छक्का लगाया जबकि ब्रावो ने 16 गेंदों पर 27 रन में तीन चौके और एक छक्का लगाया। जडेजा ने तीन गेंदों पर नाबाद आठ रन में एक छक्का लगाया। इससे पहले अंबाटी रायुडू एक, शेन वाटसन 13 और केदार जाधव आठ रन बनाकर आउट हुए थे।
राजस्थान की तरफ से आर्चर ने चार ओवर में मात्र 17 रन देकर दो विकेट लिए जबकि धवल कुलकर्णी, बेन स्टोक्स और उनादकट को एक-एक विकेट मिला। उनादकट ने अपने चार ओवर में 54 रन लुटाए। उनका आखिरी ओवर आईपीएल-2019 का अब तक का सबसे महंगा ओवर बन गया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान ने कप्तान अजिंक्या रहाणे को पहले ओवर की दूसरी गेंद पर ही गंवा दिया। रहाणे को दीपक चाहर ने जडेजा के हाथों कैच करा दिया। चाहर ने पिछले मैच के शतकधारी संजू सैमसन को सुरेश रैना के हाथों कैच कराकर राजस्थान को दूसरा झटका दे दिया। जोस बटलर छह रन बनाने के बाद शार्दुल ठाकुर की गेंद पर ड्वेन ब्रावो को कैच थमा बैठे और राजस्थान का स्कोर तीन विकेट पर 14 रन हो गया।
राहुल त्रिपाठी और स्टीवन स्मिथ ने चौथे विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी की। राजस्थान की पारी संभालती नजर आ रही थी कि लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने त्रिपाठी को अपनी ही गेंद पर लपक लिया। त्रिपाठी ने 24 गेंदों पर 39 रन में पांच चौके और एक छक्का लगाया। राजस्थान का चौथा विकेट 75 के स्कोर पर गिरा। ताहिर ने कुछ देर बाद ही स्मिथ का विकेट ले लिया। स्मिथ ने 30 गेंदों पर 28 रन में दो चौके लगाए।
बेन स्टोक्स क्रीज पर टिके हुए थे जिससे राजस्थान की उम्मीदें बनी हुई थीं। 16 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर 120 रन था। शार्दुल ठाकुर ने 17वें ओवर की पहली गेंद पर कृष्णप्पा गौतम का विकेट निकाल दिया। गौतम ने एक छक्के के सहारे नौ रन बनाये। मैदान पर उतरे जोफ्रा आर्चर ने अपनी पहली ही गेंद पर चौका जड़ दिया। आर्चर ने इस ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का मारा और राजस्थान को अब 18 गेंदों में 44 रन की जरूरत थी।
आर्चर ने अगले ओवर में ब्रावो पर भी छक्का मारा। अब 12 गेंदों में 25 रन की स्थिति रह गयी। स्टोक्स ने 19वें ओवर में ठाकुर पर छक्का मारकर मैच को रोमांचक बना दिया। 19वें ओवर में 13 रन पड़े और राजस्थान के लिए आखिरी छह गेंदों पर 12 रन का समीकरण रह गया। ब्रावो ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर स्टोक्स का विकेट ले लिया। स्टोक्स ने 26 गेंदों पर 46 रन में एक चौका और तीन छक्के लगाए। ब्रावो ने इसी ओवर में श्रेयस गोपाल को आउट कर राजस्थान की उम्मीदें समाप्त कर दीं।