Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
IPL 2019 : Delhi Capitals beat Kings XI Punjab by 5 wickets-IPL 2019 : दिल्ली ने कोटला में तोड़ा हार का क्रम, पंजाब को हराया - Sabguru News
होम Breaking IPL 2019 : दिल्ली ने कोटला में तोड़ा हार का क्रम, पंजाब को हराया

IPL 2019 : दिल्ली ने कोटला में तोड़ा हार का क्रम, पंजाब को हराया

0
IPL 2019 : दिल्ली ने कोटला में तोड़ा हार का क्रम, पंजाब को हराया
IPL 2019 : Delhi Capitals beat Kings XI Punjab by 5 wickets
IPL 2019 : Delhi Capitals beat Kings XI Punjab by 5 wickets

नई दिल्ली। नेपाल के लेग स्पिनर (40 रन पर 3 विकेट) की शानदार गेंदबाजी और ओपनर शिखर धवन (56) तथा कप्तान श्रेयस अय्यर (नाबाद 58) बेहतरीन अर्धशतकों से दिल्ली कैपिटल्स ने फिरोजशाह कोटला मैदान में अपनी हार का क्रम तोड़ते हुए किंग्स इलेवन पंजाब को आईपीएल-12 मुकाबले में शनिवार को पांच विकेट से हरा दिया।

दिल्ली की 10 मैचों में यह छठी जीत है और 12 अंकों के साथ उसने प्लेऑफ के लिए अपना दावा मजबूत कर लिया है। पंजाब ने 20 ओवर में सात विकेट पर 163 रन बनाये जबकि दिल्ली ने 19वें ओवर में दो विकेट गंवाने के बावजूद 19.4 ओवर में पांच विकेट पर 166 रन बनाकर जीत अपने नाम की। पंजाब को 10 मैचों में पांचवीं हार का सामना करना पड़ा और उसके खाते में 10 अंक हैं।

लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने 24 रन की शुरुआत की। लेकिन ओपनर पृथ्वी शॉ 11 गेंदों में 13 रन बनाने के बाद रन आउट हो गए। शिखर ने अपने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ दिल्ली की पारी को आगे बढ़ाया। पंजाब की गेंदबाजी में कोई डंक नहीं दिखाई दे रहा था।

दिल्ली ने छह ओवर के पॉवरप्ले में 60 रन जोड़ दिए। शिखर ने पिछले मैच जैसी कोई गलती इस बार नहीं की और अपने 50 रन 36 गेंदों में छह चौकों और एक छक्के की मदद से पूरे कर लिए। शिखर का इस आईपीएल में यह तीसरा और ओवरआल 35वां अर्धशतक था।

दिल्ली ने अपने 100 रन 12वें ओवर में पूरे किये। 13वें ओवर में पंजाब के कप्तान और ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपने गेंदबाजी रनअप पर शिखर को मांकेडिंग करने की कोशिश की लेकिन शिखर का बल्ला क्रीज में था।

अगली गेंद पर शिखर ने क्रीज से बाहर निकलने का नाटक किया। अश्विन ने टूर्नामेंट में राजस्थान के जोस बटलर को मांकेडिंग से आउट किया था। दर्शक इस प्रकरण का मजा ले ही रहे थे कि हार्डस विलजोएन ने शिखर को अश्विन के हाथों कैच करा दिया। अश्विन ने अपने पीछे दौड़ते हुए अच्छा कैच लपका।

शिखर का विकेट 116 के स्कोर पर गिरा। शिखर ने 41 गेंदों पर 56 रन में सात चौके और एक छक्का लगाया। शिखर और अय्यर ने दूसरे विकेट के लिए 64 गेंदों पर 92 रन की साझेदारी की। शिखर का विकेट गिरने के बाद मैदान पर उतरे ऋषभ पंत। अय्यर ने सैम करेन पर चौका लगाया और 15 ओवर की समाप्ति पर दिल्ली का स्कोर 128 रन पहुंच चुका था।

पंत ने एक बार फिर बेहद खराब शॉट खेलकर अपना विकेट गंवाया। पंत ने विलजोएन पर उठाकर शॉट खेला और करेन ने आसान कैच लपक लिया। पंत ने सात गेंदों पर छह रन बनाये। पंत को इस समय ऐसा शॉट खेलने की कतई जरूरत नहीं थी। दिल्ली ने दो विकेट जल्दी-जल्दी गंवा दिए।

नए बल्लेबाज कॉलिन इंग्राम ने विलजोएन के 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाया और फासला कम किया। पंजाब की टीम हालांकि वापसी करने की कोशिश में लगी थी। मोहम्मद शमी के पारी के 17वें ओवर में मात्र पांच रन गए। इंग्राम ने ने 18वें ओवर में तीसरी गेंद पर चौका निकालकर दिल्ली को कुछ राहत दी। इंग्राम ने विलजोएन के इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर भी चौका लगा दिया। उन्होंने आखिरी गेंद पर भी चौका लगाया।

शमी ने 19वें ओवर में इंग्राम को आउट किया जबकि अक्षर पटेल रन आउट हो गए। इंग्राम ने नौ गेंदों में चार चौकों के सहारे 19 रन बनाये। दिल्ली को आखिरी ओवर में छह रन चाहिए थे। पहली तीन गेंदों पर चार रन बन गए। अय्यर ने अगली गेंद पर चौका मारकर दिल्ली की झोली में जीत डाल दी।दिल्ली की कोटला में पांच मैचों में यह दूसरी जीत रही। अय्यर ने कप्तानी पारी खेलते हुए 49 गेंदों पर नाबाद 58 रन में पांच चौके और एक छक्का लगाया।

इससे पहले कैरेबियाई तूफ़ान क्रिस गेल (69) के शानदार अर्धशतक से किंग्स इलेवन पंजाब ने सात विकेट पर 163रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। दिल्ली ने मुकाबले में टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। पंजाब की पारी ट्वंटी-20 के यूनिवर्सल बॉस कहे जाने वाले गेल पर टिकी रही जिन्होंने अपने गगनचुम्बी छक्कों से फिरोजशाह कोटला में मौजूद 45 हजार दर्शकों को तालियां बजाने के लिए मजबूर कर दिया। गेल का एक छक्का तो 101 मीटर तक गया।

गेल ने आईपीएल-12 का अपना चौथा अर्धशतक बनाया। विंडीज के गेल ने 37 गेंदों पर 69 रन में छह चौके और पांच छक्के लगाए। गेल ने तीसरे ओवर में तेज गेंदबाज इशांत शर्मा पर 101 मीटर छक्का मारा और चौथे ओवर में संदीप लैमिछाने की गेंदों पर चार चौके जड़े। कैरेबियाई तूफ़ान ने लेग स्पिनर अमित मिश्रा के ओवर में दो छक्के भी जड़े।

गेल के तूफ़ान को लैमिछाने ने थामा। गेल लांग ऑन पर कॉलिन इंग्राम के शानदार प्रयास के जरिये कैच आउट हुए। नेपाल के लेग स्पिनर संदीप लैमिछाने की गेंद पर 13वें ओवर में गेल ने जबरदस्त शॉट लगाया और इंग्राम ने बॉउंड्री पर गेंद को लपक लिया लेकिन खुद को बॉउंड्री से बाहर जाते देख उन्होंने गेंद को अंदर उछाल दिया जिसे अक्षर पटेल ने आसानी से लपक लिया। गेल चौथे बल्लेबाज के रूप में 106 के स्कोर पर आउट हुए।

लैमिछाने ने इसी ओवर की आखिरी गेंद पर सैम करेन को अपनी ही गेंद पर लपक लिया। लैमिछाने ने इससे पहले दूसरे ओवर में लोकेश राहुल को स्टंप कराया था। बीसीसीआई के लोकपाल से 20 लाख रुपये का जुर्माना पाने वाले राहुल ने नौ गेंदों पर 12 रन में एक चौका और एक छक्का लगाया। मयंक अग्रवाल को कैगिसो रबादा ने आउट किया। मयंक ने दो रन बनाये। लैमिछाने ने चार ओवर में 40 रन पर तीन विकेट लिए।

डेविड मिलर लेफ्ट आर्म स्पिनर अक्षर पटेल का शिकार बने। मिलर ने पांच गेंदों में सात रन बनाये। मनदीप सिंह को अक्षर की गेंद पर विकेटकीपर ऋषभ पंत ने स्टंप किया। मनदीप ने 27 गेंदों पर 30 रन में एक चौका और एक छक्का लगाया। अक्षर ने तीन ओवर में 22 रन पर दो विकेट लिए।

दिल्ली के गेंदबाजों ने आज अनुशासन के साथ गेंदबाजी और 18 ओवर तक कोई अतिरिक्त रन नहीं दिया लेकिन 19वें ओवर में इशांत ने लगातार दो वाइड डाली और अगली गेंद पर हरप्रीत बरार ने चौका मार दिया। इस ओवर में पंजाब के 150 रन पूरे हो गए। इशांत को चार ओवर में 29 रन पर कोई विकेट नहीं मिला।

रबादा ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर पंजाब के कप्तान रविचंद्रन अश्विन का शिकार कर लिया। अश्विन ने 14 गेंदों में दो चौकों की मदद से 16 रन बनाये। बरार ने आखिरी गेंद पर छक्का मारकर पंजाब को 163 पर पहुंचा दिया। बरार 12 गेंदों पर 20 रन बनाकर नाबाद रहे। रबादा ने 23 रन पर दो विकेट लिए।