Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
IPL 2020 auction's biggest millionaire - Sabguru News
होम Breaking IPL Auction 2020 : कौन बनेगा सबसे बड़ा करोड़पति

IPL Auction 2020 : कौन बनेगा सबसे बड़ा करोड़पति

0
IPL Auction 2020 : कौन बनेगा सबसे बड़ा करोड़पति
IPL 2020 auction's biggest millionaire
IPL 2020 auction's biggest millionaire
IPL 2020 auction’s biggest millionaire

कोलकाता। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 2020 के आगामी सत्र की गुरूवार को यहां होने वाली नीलामी में खिलाड़ियों की मंडी फिर सजने वाली है और सभी निगाहें इस बात पर रहेंगी कि इस बार नीलामी में कौन सा खिलाड़ी सबसे महंगा बिकता है। नीलामी में कुल 332 खिलाड़ी भाग्य आज़माएंगे और इनमें से 29 विदेशियों सहित 73 खिलाड़ियों को खरीदा जाना है।

आईपीएल नीलामी का इतिहास है कि हर बार कोई ऐसा खिलाड़ी निकल कर सामने आता है जिस बार जमकर कीमत लगती है और वह रातों रात सबसे बड़ा करोड़पति बन जाता है। आईपीएल टीमों ने जो खिलाड़ी रिटेन किए हैं उनमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु टीम के कप्तान विराट कोहली 17 करोड़ रुपए की कीमत के साथ इस लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स के महेंद्र सिंह धोनी, मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा और दिल्ली कैपिटल्स के ऋषभ पंत की कीमत 15-15 करोड़ रुपए है।

चेन्नई ने सुरेश रैना को 11 करोड़, किंग्स इलेवन पंजाब ने लोकेश राहुल को 11 करोड़, कोलकाता नाईटराइडर्स ने सुनील नारायण को 12.50 करोड़, मुंबई ने हार्दिक पांड्या को 11 करोड़, राजस्थान रॉयल्स ने स्टीवन स्मिथ और बेन स्टोक्स को 12.50 करोड़, बेंगलूरु ने एबी डिविलियर्स को 11 करोड़ और सनराइजर्स हैदराबाद ने डेविड वार्नर को 12.50 करोड़ तथा मनीष पांडेय को 11 करोड़ रुपए में बरकरार रखा है। यह देखना दिलचस्प होगा कि नीलामी में किस खिलाड़ी पर कितनी ज्यादा कीमत लगती है।

इससे पहले भी आईपीएल में कई ऐसे खिलाड़ी निकले हैं जिनकी कीमत ने चौंकाया है। पूर्व भारतीय आलराउंडर युवराज सिंह को 2015 की नीलामी में दिल्ली ने 16 करोड़ रुपए की अविश्वसनीय कीमत पर खरीदा था। युवराज को 2014 में बेंगलूरु ने 14 करोड़ में खरीदा था। 2016 की नीलामी में बेंगलूरु ने शेन वाटसन को 9.5 करोड़, 2017 में नई टीम राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स ने बेन स्टोक्स को 14.50 करोड़, 2018 में राजस्थान ने स्टोक्स को 12.30 करोड़ और 2019 की नीलामी में पंजाब ने जयदेव उनादकट और वरुण चक्रवर्ती को 8.4 करोड़ रुपए में खरीदा था।

उनादकट को 2018 की नीलामी में 11.50 करोड़ रुपए मिले थे। दिनेश कार्तिक को दिल्ली ने 2014 में 12.50 करोड़, कोलकाता ने 2011 में गौतम गंभीर को 11.40 करोड़ और चेन्नई ने 2012 में रवींद्र जडेजा को 9.72 करोड़ रुपए में खरीदा था।

इस बार नीलामी में दो करोड़ रूपए के अधिकतम बेस प्राइस में जहां सभी विदेशी खिलाड़ियों को जगह मिली है, वहीं इसके बाद 1.5 करोड़ रूपए के दूसरे ब्रैकेट में रॉबिन उथप्पा अकेले भारतीय हैं। आईपीएल नीलामी के लिए शुरूआत में पंजीकृत खिलाड़ियों की संख्या 971 थी जिसे आठ फ्रेंचाइजियों की अंतिम सूची के बाद घटाकर 332 कर दिया गया है। नीलामी में कुल 186 भारतीय खिलाड़ी, 143 विदेशी खिलाड़ी और तीन एसोसिएट राष्ट्र के खिलाड़ी शामिल हैं। नीलामी में 73 खिलाड़ियों को खरीदा जाना है जिसमें विदेशियों की संख्या 29 रहेगी।

कैप्ड खिलाड़ियों में दो करोड़ रूपए के उच्चतम ब्रैकेट में शामिल सभी सात खिलाड़ी विदेशी हैं जिनमें ग्लेन मैक्सवेल, पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, मिशेल मार्श, डेल स्टेन और एंजेलो मैथ्यूज हैं। भारतीयों में उथप्पा ने अपना आधार मूल्य डेढ़ करोड़ रखा है और वह दूसरे 1.5 करोड़ रूपए के ब्रैकेट के कुल 10 खिलाड़ियों में अकेले भारतीय हैं।

भारतीय खिलाड़ियों में पीयूष चावला, यूसुफ पठान और जयदेव उनादकट का बेस प्राइस एक करोड़ रूपए है। एक करोड़ रूपए के ब्रैकेट में कुल 23 खिलाड़ी (3 भारतीय, 20 विदेशी), 75 लाख रूपए के ब्रैकेट में 16 खिलाड़ी(सभी विदेशी) और 50 लाख रूपए के ब्रैकेट में कुल 78 खिलाड़ी(69 विदेशी, 9 भारतीय) शामिल हैं।

अनकैप्ड खिलाड़ियों में 40 लाख रूपए का अधिकतम बेस प्राइस रखा गया है जिसमें कुल सात खिलाड़ी(6 विदेशी, 1 भारतीय), 30 लाख रूपए के बेस प्राइस में कुल 8 खिलाड़ी(3 विदेशी, 5 भारतीय) और 20 लाख रूपए के बेस प्राइस में कुल 183 खिलाड़ी(16 विदेशी, 167 भारतीय) शामिल हैं।

नीलामी की शुरुआत सात बल्लेबाजों की नीलामी से होगी जिसमें आरोन फिंच, क्रिस लिन, जैसन रॉय, इयोन मॉर्गन और रोबिन उथप्पा शामिल हैं। नीलामी में खिलाड़ियों को उनके कौशल के हिसाब से रखा गया है। नीलामी में खिलाड़ियों के बिकने का क्रम बल्लेबाज, आलराउंडर, विकेटकीपर-बल्लेबाज, तेज गेंदबाज और स्पिनर के रूप में रहेगा। नीलामी में पहले कैप्ड खिलाड़ी बिकेंगे और फिर अनकैप्ड खिलाड़ियों का नंबर आएगा।

नीलामी से पहले आठ टीमों ने कुल 35 विदेशी खिलाड़ियों सहित 127 खिलाड़ियों को रिटेन किया था। आठ टीमें खिलाड़ियों को रिटेन करने में 472.35 करोड़ रुपए खर्च कर चुकी है और नीलामी में खरीद के लिए उनके पास 207.65 करोड़ रुपए का पर्स बचा है।

नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स को कुल पांच, दिल्ली कैपिटल्स को 11, किंग्स इलेवन पंजाब को नौ, कोलकाता नाइट राइडर्स को 11, मुंबई इंडियंस को सात, राजस्थान रॉयल्स को 11, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु को 12 और सनराइजर्स हैदराबाद को सात खिलाड़ी खरीदने होंगे।

चेन्नई ने 70.40 करोड़ रुपए, दिल्ली कैपिटल्स ने 57.15 करोड़ रुपए, किंग्स इलेवन पंजाब ने 42.30 करोड़ रुपए, कोलकाता नाइट राइडर्स ने 49.35 करोड़ रुपए, मुंबई इंडियंस ने 71.95 करोड़ रुपए, राजस्थान रॉयल्स ने 56.10 करोड़ रुपए, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु ने 57.10 करोड़ रुपए और सनराइजर्स हैदराबाद ने 68 करोड़ रुपए का पर्स खर्च कर लिया है।

नीलामी में चेन्नई के पास 14.60 करोड़ रुपए, दिल्ली कैपिटल्स के पास 27.85 करोड़ रुपए, किंग्स इलेवन पंजाब के पास 42.70 करोड़ रुपए, कोलकाता नाइट राइडर्स के पास 35.65 करोड़ रुपए, मुंबई इंडियंस के पास 13.05 करोड़ रुपए, राजस्थान रॉयल्स के पास 28.90 करोड़ रुपए, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु के पास 27.90 करोड़ रुपए और सनराइजर्स हैदराबाद के पास 17 करोड़ रुपए का पर्स उपलब्ध रहेगा।

आठ टीमों की मौजूदा स्थिति इस प्रकार है:

मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, क्रुणाल पांड्या, ईशान किशन, सूर्य कुमार यादव, राहुल चाहर, अनमोलप्रीत सिंह, जयंत यादव, आदित्य तारे, अनुकूल रॉय, धवल कुलकर्णी, क्विंटन डी कॉक, कीरोन पोलार्ड, शेरफेन रदरफोर्ड, लसित मलिंगा, मिशेल मैकक्लेनेगन और ट्रेंट बोल्ट।

चेन्नई सुपर किंग्स: महेंद्र सिंह धोनी, सुरेश रैना, फाफ डू प्लेसिस, अंबाटी रायुडू, मुरली विजय, रुतुराज गायकवाड, शेन वाटसन, ड्वेन ब्रावो, केदार जाधव, स्कॉट कुगेलजिन, रवींद्र जडेजा, मिशेल सेंटनर, मोनू कुमार, एन जगदीशन, हरभजन सिंह, करण शर्मा, इमरान ताहिर, दीपक चाहर, लुंगी एनगिदी और के एम आसिफ।

दिल्ली कैपिटल्स: शिखर धवन, पृथ्वी शा, श्रेयस अय्यर, रिषभ पंत, इशांत शर्मा, अजिंक्या रहाणे, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल ,अमित मिश्रा हर्षल पटेल, आवेश खान ,कैगिसो रबादा, कीमो पॉल और संदीप लेमीछाने।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु : विराट कोहली, मोहम्मद सिराज, नवदीप सैनी, देवदत्त पड्डीकल, पार्थिव पटेल, पवन नेगी, उमेश यादव, वाशिंगटन सुंदर, गुरकीरत सिंह मान, शिवम दुबे, मोईन अली, युजवेंद्र चहल और एबी डीविलयर्स।

राजस्थान रॉयल्स: स्टीवन स्मिथ, संजू सैमसन, जोफ्रा आर्चर, बेन स्टोक्स, जोस बटलर, रियान पराग, शशांक सिंह, श्रेयस गोपाल, महिपाल लोमरोर, वरुण आरोन , मनन वोहरा,मयंक मारकंडे, राहुल तेवतिया और अंकित राजपूत।

कोलकाता नाइट राइडर्स: आंद्रे रसेल, दिनेश कार्तिक, हैरी गुर्नी, कमलेश नागरकोटी, कुलदीप यादव, लोकी फर्ग्युशन, नीतीश राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, रिंकू सिंह, संदीप वारियर, शिवम मावी, शुभमन गिल, सिद्धेश लाड और सुनील नारायण।,

किंग्स इलेवन पंजाब: क्रिस गेल, लोकेश राहुल, अर्शदीप सिंह, दर्शन नालकंडे, गौतम कृष्णप्पा, हार्डस विलजोएन, जगदीश सुचित, करुण नायर, मनदीप सिंह, मयंक अग्रवाल, मोहम्मद शमी, मुजीब जादरान, मुरुगन अश्विन, निकोलस पूरन, हरप्रीत बरार और सरफराज खान।

सनराइजर्स हैदराबाद : अभिषेक शर्मा, बासिल थम्पी, भुवनेश्वर कुमार, बिली स्टेनलेक, डेविड वार्नर, जॉनी बेयरस्टो, केन विलियम्सन, मनीष पांडे, मोहम्मद नबी, राशिद खान, संदीप शर्मा, शाहबाज नदीम, श्रीवत्स गोस्वामी, सिद्धार्थ कौल, सैयद खलील अहमद, टी नटराजन, विजय शंकर और रिद्दिमान साहा।