Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Isha ambani begins pre wedding celebrations with anna seva in udaipur-ईशा अंबानी के विवाह पूर्व कार्यक्रमों में जुटी जानी मानी हस्तियां - Sabguru News
होम Breaking ईशा अंबानी के विवाह पूर्व कार्यक्रमों में जुटी जानी मानी हस्तियां

ईशा अंबानी के विवाह पूर्व कार्यक्रमों में जुटी जानी मानी हस्तियां

0
ईशा अंबानी के विवाह पूर्व कार्यक्रमों में जुटी जानी मानी हस्तियां

उदयपुर। देश के अग्रणी उद्योगपति मुकेश अंबानी की पुत्री ईशा अंबानी के विवाहपूर्व समारोह के लिए जानी मानी हस्तियां यहां पहुंच रही हैं। ईशा का विवाह उद्योगपति आनंद पीरामल से 12 दिसम्बर को मुंबई में होगा। इससे पहले अंबानी और पीरामल के परिवार ने यहां दो दिन के विवाह पूर्व कार्यक्रम रखे हैं।

आठ और नौ दिसंबर को ईशा के विवाह पूर्व समारोहों के लिए ओबराय उदयविलास और सिटी पैलेस में भव्य कार्यक्रम होने हैं और इसके लिए इन्हें दुल्हन की तरह सजाया गया है।

उदयपुर पहुंचने वालों में हाल में ही दांपत्यसूत्र में बंधे प्रियंका चोपड़ा-निक जोनास, क्रिकेट जगत की महाहस्ती सचिन तेंदुलकर और उनकी पत्नी अंजलि, अभिनेता जान अब्राहम, अभिनेत्री विद्या बालान और उनके पति सिद्धार्थ राॅय कपूर, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी और उनकी बेटी, उद्योगपति राजीव सूरी, अभिनेता अनिल कपूर, फिल्म निर्देशक डेविड धवन, इस्पात किंग लक्ष्मी मित्तल, जाने माने वकील हरीश साल्वे, सैमसंग इलेक्ट्राॅनिक्स की उपाध्यक्ष ली जाई यंग शामिल हैं। उनके अलावा कई अन्य जानी-मानी हस्तियां उदयपुर पहुंच चुकी है।

अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की पत्नी हिलेरी क्लिंटन भी उदयपुर पहुंच चुकी हैं। धार्मिक प्रवृत्ति के मुकेश और पत्नी नीता अंबानी ने विवाह समारोह के लिए कई जगह पूजाअर्चना की। दोनों ईशा के विवाह का कार्ड देने सिद्धि विनायक और केदारनाथ मंदिर कई किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचे। विवाह समारोह से पहले श्रीनाथ जी की महाआरती भी की गई।

उदयपुर में संगीत- मेंहदी और अन्य रस्में होगी। सूत्रों ने बताया कि ईशा की शादी के दौरान मेहमान बहुत ही सीमित संख्या में होंगे इसलिए विवाह पूर्व कार्यक्रमों में पहुंचने वालों की फेहरिस्त बहुत लंबी है। संगीत कार्यक्रम में शाहरूख खान-करण जौहर और टेलर स्विफ्ट समेत कई जानी मानी हस्तियां अपने अंदाजों से शमां बांधेंगे।

अंबानी परिवार ने सात दिसंबर को उदयपुर शहर के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने तथा बेटी के लिए जनता की शुभाकामनाएं एवं आशीर्वाद लेने के लिए विशेष ‘अन्न सेवा’ के तहत 5100 लोगों के लिए 10 दिसंबर तक दिन में तीन बार भोजन की व्यवस्था की है। भोजन करने वाले लोगों में ज्यादातर दिव्यांग हैं। शुक्रवार को इस कार्यक्रम में मुकेश और टीना के अलावा ईशा ने भी भोजन परोसा। इस कार्यक्रम में पीरामल परिवार भी शामिल था।