

नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) का चंद्रयान-2 (Chandrayaan-2) के विक्रम से सम्पर्क टूट जाने के बाद अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी (NASA) लैंडर को खोजने में लगा हुआ था। सोमवार को नासा ने ट्वीट कर जानकारी दी कि विक्रम लैंडर का मलबा मिल गया है।
नासा ने कहा कि नासा के मून मिशन ने भारतीय अंतरिक्ष यान चंद्रयान-2 के विक्रम लैंडर का पता लगाया है। नासा ने अपने बयान में कहा है कि चंद्रयान-2 के विक्रम लैंडर के क्षतिग्रस्त होने के बावजूद चंद्रमा के सतह के इतने करीब पहुंचना एक अदभुत उपलब्धि है।
वहीं ISRO ने NASA के इस दावे को खारिज कर दिया है। ISRO के प्रमुख के. सिवन ने कहा कि हमने पहले ही विक्रम लैंडर को ढूंढ लिया था। सिवन ने कहा कि नासा से पहले हमारे ऑर्बिटर ने विक्रम लैंडर को ढूंढा था और इसकी जानकारी हमने पहले ही दे दी थी। इसकी जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि आप पुराने रिपोर्ट से इसकी जानकारी हासिल कर सकते हैं।