
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में आर्थिक तंगी से परेशान एक परिवार ने खुदकुशी के लिए सामूहिक विषाक्त सेवन किया जिसमें महिला एवं उसके पांच वर्षीय पुत्र की मौत हो गई जबकि महिला के पति एवं पुत्री की हालत गंभीर बनी हुई है।
थानाधिकारी जहीर अब्बास ने बताया मूलतः मानसरोवर निवासी मनोज शर्मा (30) प्रताप नगर में सेक्टर-26 स्थित मकान में किराए से परिवार सहित रहता है। उसके परिवार में पत्नी साक्षी (28) बेटी निया (5) और पांच माह का बेटा अथर्व है। मनोज निजी कंपनी में नौकरी करता था, लेकिन कुछ समय से वह बेरोजगार चल रहा था।
बताया गया है कि मनोज ने आर्थिक तंगी के चलते कल देर रात अपनी पत्नी, बेटा-बेटी के साथ मिल कर जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर मनोज कैब से पत्नी और बच्चों को लेकर महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचा। यहां चिकित्सकों ने साक्षी और अथर्व को मृत घोषित कर दिया वहीं मनोज को सवाईमान सिंह और बेटी निया को जेके लोन रेफर किया गया है। फ़िलहाल दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।