Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
राजस्थान में केवल अपराधों में ग्रोथ : गजेन्द्र सिंह शेखावत - Sabguru News
होम Rajasthan Jodhpur राजस्थान में केवल अपराधों में ग्रोथ : गजेन्द्र सिंह शेखावत

राजस्थान में केवल अपराधों में ग्रोथ : गजेन्द्र सिंह शेखावत

0
राजस्थान में केवल अपराधों में ग्रोथ : गजेन्द्र सिंह शेखावत

जोधपुर। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान में बढ़ते अपराधों को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा है। गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए शेखावत ने कहा कि राजस्थान केवल अपराधों में ग्रोथ कर रहा है और पता नहीं मुख्यमंत्री राजनीति की कौन सी बंसी बजा रहे हैं।

बाडमेर में सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर शेखावत ने कहा, एक भी महिला की मर्यादा से अगर खिलवाड़ होता है तो वो मानवता को शर्मसार करने वाला विषय है। हम सबका सिर शर्म से झुकना चाहिए। ऐसा अपराध करने वालों को कठोरतम दंड मिले।

कानून में परिवर्तन करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसे अपराधियों को मृत्युदंड का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील विषय पर राजनीति करना शर्मनाक है। दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि कांग्रेस इस पर राजनीति कर रही है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में राजस्थान अपराध की राजधानी बनकर उभरा है। यह मैं नहीं, एनसीआरबी कहती है। महिलाओं के प्रति अपराधों में राजस्थान देश में शीर्ष स्थान पर पहुंचा है। मुझे अफसोस है कि मैं मुख्यमंत्री को इसके लिए बधाई भी नहीं दे सकता। ये एकमात्र ऐसा विषय है, जिसमें मुख्यमंत्री ने राजस्थान को शीर्ष स्थान पर पहुंचाया है।

शेखावत ने कहा कि पांच साल से राजस्थान ईज ऑफ डुइंग बिजनेस, इकोनॉमिक और स्टेट जीडीपी को लेकर ग्रोथ कर रहा था, लेकिन आज इन सबमें पिछड़ रहा है। अगर कहीं आगे बढ़ रहा है तो वो भ्रष्टाचार, महिलाओं के प्रति अपराध, पुलिस की पिटाई और अन्य सभी अपराध हैं।

पुलिस का इकबाल समाप्त हो चुका है। राजस्थान के थानों से अपराधियों को भगाया जा रहा है। कांग्रेस शासन में प्रतिदिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। राजस्थान का एक जिला भी ऐसा शेष नहीं है, जहां गंभीर गैंगरेप की घटनाएं न हुई हों।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, डूंगरपुर पूरा जल रहा था, लेकिन इन सब घटनाओं के होते हुए भी, जिस तरह से रोम जल रहा था और नीरो बंसी बजा रहा था, मुझे पता नहीं मुख्यमंत्री राजनीति की कौन सी बंसी बजा रहे हैं।

प्रदेश को मिले स्थाई गृह मंत्री

राजस्थान में स्थाई गृह मंत्री बनाने के सवाल पर शेखावत ने कहा, निश्चित रूप से होना चाहिए। मुझे लगता है कि मुख्यमंत्री से आप सबको ये प्रश्न करना चाहिए कि आप समय नहीं दे सकते तो स्थाई गृह मंत्री क्यों नहीं बना देते। केंद्रीय मंत्री ने कहा, हालात तो यह हैं कि अधिकारियों का मनोबल गिरा है। जिस तरह से उनके ट्रांसफर किए गए। इसके चलते एक सीनियर आईएएस ने इस्तीफा दे दिया। बड़ी मुश्किल से मनाकर उन्हें वापस लाया गया। कितनी दुर्भाग्यपूर्ण, चिंताजनक और अफसोसजनक बात है।

दुष्कर्म पर राजनीति करना शर्मनाक

मुख्यमंत्री के किसी के भी बारां जा सकने के सवाल पर उन्होंने कहा, अलवर में घटना हुई थी। किस तरह से पुलिस ने राजनीतिक दबाव में उसे छिपाकर रखा। वहां से बारां, बाडमेर तक कोई भी जिला ऐसा शेष नहीं बचा है, जहां इस तरह की घटनाएं नहीं हुई हों, लेकिन मैंने कहना चाहता हूं कि ऐसी एक भी घटना पर राजनीति करना उतना ही शर्मनाक है, जितना शर्मनाक ऐसी घटना का होना है। उन्होंने कहा कि ऐसी बहुत सारी घटनाएं होंगी, जिनका अभी पर्दाफाश होना बाकी है। सारे विषयों की जांच हो। राजनीति से ऊपर उठकर अपराधियों को दंड मिले। ऐसा निश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।

भाजपा के होंगे दोनों मेयर

जोधपुर नगर निगम चुनाव पर शेखावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बोर्ड बनाएगी। मैं विश्वास के साथ कहता हूं कि दोनों नगर निगम में मेयर भाजपा के होंगे।