Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
कांग्रेस पार्टी और उसके नेतृत्व से लोगों का विश्वास समाप्त : शेखावत - Sabguru News
होम Headlines कांग्रेस पार्टी और उसके नेतृत्व से लोगों का विश्वास समाप्त : शेखावत

कांग्रेस पार्टी और उसके नेतृत्व से लोगों का विश्वास समाप्त : शेखावत

0
कांग्रेस पार्टी और उसके नेतृत्व से लोगों का विश्वास समाप्त : शेखावत

जोधपुर। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब किसी पार्टी और उसके नेतृत्व से लोगों का विश्वास समाप्त हो जाता है तो उस पार्टी में भगदड़ मचती है।

रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे शेखावत ने मीडिया से बातचीत की। कांग्रेस नेताओं के पार्टी छोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी तो शुरुआत हुई है। देखते जाइए, अगले साल में बहुत कुछ होने वाला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चिंतन शिविर, जिसे तथाकथित चिंतन शिविर कह सकते हैं, आमोद-प्रमोद का दो दिन का उत्सव था।

उदयपुर के उस विलासितापूर्ण उत्सव के बाद कांग्रेस में युवाओं के पार्टी छोड़ने की एक बयार चली है। हार्दिक पटेल और सुनील जाखड़ छोड़कर गए। यह श्रृंखला बहुत लंबी है। यह अभी शुरू हुई है। वर्ष 2023 तक और वर्ष 2024 के चुनाव तक ना जाने कहां जाकर थमेगी? इसकी कल्पना ना आप कर सकते हो, ना कांग्रेस का नेतृत्व कर सकता है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक पार्टी की विचारधारा और पार्टी के नेतृत्व से कार्यकर्ताओं का विश्वास समाप्त हो गया। उन्होंने कहा कि जब किसी पार्टी से और पार्टी के नेतृत्व से लोगों का विश्वास समाप्त हो जाता है तो उसमें भगदड़ मचती है।

भारतवासियों को एकता के सूत्र में बांधता है ‘मन की बात’

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम सुना। शेखावत ने कहा कि मन की बात ब्रैंड वैल्यू वाला प्रोग्राम बना है। देश में करोड़ों लोग हर उस दिन का इंतजार करते हैं, जिस दिन प्रधानमंत्री जी उनके साथ चर्चा करेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विविधताओं से भरे हुए देश को एकता के सूत्र में बांधने के बहुत सारे कारक हो सकते हैं। भगवान श्रीराम एकता के सूत्र में बांधने का कारक हैं। आदिगुरु शंकराचार्य ने देश के सभी कोने पर शंकर मंदिर बनाए, वो एकता के सूत्र में बांधने का कारक हैं। हमारी हिंदी भाषा सबको एक सूत्र में बांधती है। हमारी गंगा नदी हमको एकता के सूत्र में बांधती है। महात्मा गांधी हमें एकता के सूत्र में बांधने हैं।

शेखावत ने कहा कि उसी क्रम में मैं मानता हूं कि हम सबको एकता के सूत्र में बांधने का एक कारक मन की बात भी है, जब पूरा भारत एकसाथ बैठकर प्रधानमंत्री जी के विचार, उनकी बात और उनके उद्गार को सुनता है। शेखावत ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम से कार्यक्रताओं को एकजुटता के साथ काम करने की सीख मिलती है। न केवल कार्यकर्ता, बल्कि देश के नागरिक भी सीधा संवाद कर अपनी बात रखते हैं। अपने सुझाव प्रस्ततु करते हैं।

चुनाव की तैयारी में अभी से जुटें कार्यकर्ता

शेखावत ने बूथ समिति निर्माण, पन्ना प्रमुख अभियान के संबंध में जानकारी ली और संगठन के आगामी कार्यक्रमों की चर्चा की। शेखावत ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत का लक्ष्य पूरा करना है। इसके लिए बूथ स्तर पर अभी से काम में जुटना होगा। कार्यकर्ताओं को अपना दायित्व निभाते हुए सक्रियता से जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर संगठन के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।

जनता से हुए रू-ब-रू

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने अपने निवास पर क्षेत्रवासियों से मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं जानी और निराकरण के उपाय किए। शेखावत ने कहा कि जनता जनार्दन से रू-ब-रू होकर अपनी दशा और दिशा का पता चलता है। मैं आभारी हूं सबका कि जब भी हमारी मुलाकात होती है, अपनेपन और स्नेह में कहीं कोई कमी नहीं दिखती।