Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
'राजस्थान में भ्रष्ट सरकार, आफिस की आलमारियों से निकल रहे सोने के बिस्किट' - Sabguru News
होम Rajasthan Barmer ‘राजस्थान में भ्रष्ट सरकार, आफिस की आलमारियों से निकल रहे सोने के बिस्किट’

‘राजस्थान में भ्रष्ट सरकार, आफिस की आलमारियों से निकल रहे सोने के बिस्किट’

0
‘राजस्थान में भ्रष्ट सरकार, आफिस की आलमारियों से निकल रहे सोने के बिस्किट’

बाड़मेर/जोधपुर। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि राजस्थान में भय और अराजकता का शासन हो गया है। अपराधी बेलगाम होकर पुलिस अधिकारियों को ही धमकाने लगे हैं। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। अब तो सरकारी दफ्तरों की आलमारियों से सोने के बिस्कुट निकलने लगे हैं।

मंगलवार को जन आक्रोश महाघेराव में केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि एक तरफ केन्द्र में मोदी सरकार है, जो कहा वो तो कर दिखाया ही, जो नहीं कहा वो भी कर दिखाया। दूसरी तरफ राजस्थान में कांग्रेस सरकार है, जिसने भय, भूख और अराजकता का माहौल तैयार किया। आज हालात इस कदर बिगड़ गए कि बजरी माफिया पुलिस के अधिकारियों को भी धमकाने लगे हैं। राजस्थान में पुलिस का इकबाल समाप्त हो गया। प्रशासन का भय समाप्त हो गया। यह अराजक प्रदेश बन गया। राजस्थान देश की रेप केपिटल हो गई। प्रदेश की छवि खराब हो गई।

स्वच्छंद हो गए सरकार के प्रतिनिधि

शेखावत ने कहा कि कांग्रेस में नेताओं की आपसी लड़ाई के चलते भ्रष्टाचार बढ़ गया। अब तक तो अफसरों और कर्मचारियों के घरों से ही पैसे बरामद होते थे। अब तो सरकारी आलमारियों से पैसे और सोने के बिस्कुट निकल रहे हैं। इसकी जांच होनी चाहिए। इसका जवाब राजस्थान की जनता अशोक गहलोत सरकार से मांगती है। यह अराजकता का शासन है। शेखावत ने आरोप लगाया कि इनकी सरकार जब से होटलों में बंद रही, तब से स्वच्छंदता का वातावरण बन गया। इनके प्रतिनिधि स्वच्छंद हो गए। भ्रष्टाचार बढ़ गया।

युवाओं के साथ किया धोखा

शेखावत ने कहा कि गहलोत सरकार ने राजस्थान के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया। वह नहीं दिया। प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर 18 बार लीक हुए। मुख्यमंत्री गहलोत कहते थे, न कोई अधिकारी इसमें शामिल है और न ही कोई नेता है। अब अधिकारी तो आ ही गए। और जांच हुई तो कांग्रेस के कई सफेदपोश नेता भी चपेट में आ जाएंगे। इन सब को सजा दिलाने की जिम्मेदारी भाजपा कार्यकर्ता की है। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच इस सरकार की जनविरोधी नीतियों का प्रचार करना होगा।

राहत नहीं आहत शिविर

उन्होंने कहा कि राहत शिविर के नाम पर लोगों को लाइन में खड़ा कर आहत किया जा रहा है। इनकी राहत देने की नीयत नहीं है, अन्यथा जब एक अप्रैल को बजट पास हुआ था, उसी दिन कंम्प्यूटर में बटन जारी कर ये बदलाव कर सकते थे। बिजली और गैस के नाम पर सरकार पिछले दरवाजे से टैक्स ले रही है और जनता को फ्री के नाम पर गुमराह कर रही है। शेखावत ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे इन राहत शिविरों की हकीकत जनता तक पहुंचाएं।

कार्यक्रम को प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और बाड़मेर सांसद व केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने संबोधित करते हुए राजस्थान सरकार की विफलताओं को उजागर कर जमकर खिंचाई की।

सियोल को बंधाया ढांढस

इससे पहले, शेखावत दिल्ली से रेल मार्ग द्वारा जोधपुर पहुंचे। वे पूर्व संसदीय सचिव भैराराम सियोल के निवास मांडियाईं जाकर उनकी माताजी के निधन पर आयोजित शोक सभा में शामिल हुए। केन्द्रीय मंत्री शेखावत पूर्व संसदीय सचिव भैराराम सियोल व परिवार के अन्य सदस्यों से मिले और शोक संवेदना जताई।

जगह-जगह हुआ स्वागत

केन्द्रीय मंत्री शेखावत मंडियाई से तिवरी, गगाड़ी से भारत माला हाईवे से होते हुए पचपदरा पहुंचे। केन्द्रीय मंत्री शेखावत का मार्ग में अनेक स्थानों पर अभिनंदन किया गया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी भी पचपदरा पहुंच गए। बाद तीनों सड़क मार्ग से बाड़मेर पहुंचे। बाड़मेर से बडगांव रानीवाड़ा जालोर पहुंचे और विविध कार्यक्रमों में भाग लिया।