Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
jjp-aap sirsa candidate nirmal singh Malhadi poll campaign news-सरदार निर्मल सिंह मलड़ी को रतिया हलके में भी मिला भारी समर्थन - Sabguru News
होम Chandigarh सरदार निर्मल सिंह मलड़ी को रतिया हलके में भी मिला भारी समर्थन

सरदार निर्मल सिंह मलड़ी को रतिया हलके में भी मिला भारी समर्थन

0
सरदार निर्मल सिंह मलड़ी को रतिया हलके में भी मिला भारी समर्थन

सिरसा/चंडीगढ़। सिरसा संसदीय सीट से जजपा और आप गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी निर्मल सिंह मलड़ी ने कहा कि जननायक जनता पार्टी ही सही मायने में चौधरी देवीलाल की नीतियों को आगे बढ़ा रही है और प्रदेश की सभी दस सीटों पर विजयी होने के बाद हरियाणा को विकास के मामले में नई ऊंचाईयां प्रदान की जाएंगी।

वे बुधवार को जिला सिरसा के उपमंडल डबवाली के गांव मटदादू में ग्रामीणों की विशाल सभा को अपने जनसंपर्क अभियान के तहत संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा शासन के दौरान सिरसा संसदीय क्षेत्र को विकास के मामले में हमेशा पिछड़ा रखा गया जिसके पीछे सीधे तौर पर दोनों राजनीतिक दलों राजनीतिक विद्वेष की भावना दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि जजपा के संस्थापक डॉ. अजय सिंह चौटाला ने अपने बूते क्षेत्र के विकास में कभी कोई कमी नहीं छोड़ी थी और उन द्वारा करवाए गए विकास कार्य आज भी जनता याद करती है। उन्होंने कहा कि हिसार के सांसद दुष्यंत सिंह चौटाला ने भी कभी क्षेत्रवाद को स्वीकार नहीं किया और यही कारण है कि वे जहां भी गए, केवल आमजन के हितों को देखते हुए विकास कार्यों को ही प्रमुखता दी।

उन्होंने इस अवसर पर ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रदेश में जजपा की सरकार बनते ही विकास की गंगा बहाई जाएगी और सभी वर्गों को लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डबवाली क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था कराई जाएगी और हर खेत के अंतिम टेल तक सिंचाई पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।

बाद में गांव मटदादू के ही गुरनाम सिंह अपने परिजनों के साथ कांग्रेस को अलविदा कहकर जजपा में शामिल हो गए। इसी प्रकार गांव सालमखेड़ा निवासी चानन सिंह अपने अनेक समर्थकों सहित जजपा आप गठबंधन के प्रत्याशी निर्मल सिंह मलड़ी के नेतृत्व में जजपा में शामिल हो गए।

बाद में निर्मल सिंह मलड़ी ने अपने सैकड़ों समर्थकों सहित जिला फतेहाबाद के रतिया क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने गांव बलियाला, रतनगढ़, सरदारेवाला व खाई सहित करीब 25 गांवों में ग्रामीणों से संपर्क साधा और उन्हें जजपा और आम आदमी पार्टी की कल्याणकारी नीतियों और अपने भविष्य के विजन से अवगत कराया।

इस दौरान ग्रामीणों ने मलड़ी को बलियाला व सरदारेवाला में लड्डुओं से तोलकर उनका स्वागत किया और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने का आश्वासन दिया। मलड़ी ने सभी ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वे ताऊ देवीलाल की नीतियों पर चलते हुए गरीब, किसान, श्रमिक, युवा एवं दबे कुचले वर्ग के कल्याण के लिए कार्य करेंगे। इस अवसर पर उनके साथ जजपा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र लेघा, राकेश सिहाग, लक्ष्य गर्ग, अजय संधु सहित जजपा और आप पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद थे।