Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
भाजपा में शामिल हुए सिंधिया, कांग्रेस को बताया जड़वत पार्टी - Sabguru News
होम Madhya Pradesh Bhopal भाजपा में शामिल हुए सिंधिया, कांग्रेस को बताया जड़वत पार्टी

भाजपा में शामिल हुए सिंधिया, कांग्रेस को बताया जड़वत पार्टी

0
भाजपा में शामिल हुए सिंधिया, कांग्रेस को बताया जड़वत पार्टी

नई दिल्ली। कांग्रेस के दिग्गज नेता, पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बुधवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (विधिवत) रूप से शामिल हो गए और उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय एवं मध्यप्रदेश के नेतृत्व पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि आज की कांग्रेस वास्तविकता से इन्कार करती है और जड़वत हो गई है जहां नए नेतृत्व को सही मान्यता नहीं मिल सकती है।

भाजपा के केन्द्रीय कार्यालय में पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने मीडिया के भारी जमावड़े के बीच सिंधिया को पार्टी की सदस्यता पर्ची सौंपी, अंगवस्त्र पहनाया और गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया। भाजपा अध्यक्ष ने सिंधिया को परिवार का अंग बताते हुए कहा कि उन्हें पार्टी की मुख्यधारा में भूमिका निभाना है।

इस अवसर पर केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, पार्टी के उपाध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश के प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे, उपाध्यक्ष वैजयंत पांडा, महासचिव अरुण सिंह और अनिल जैन तथा भाजपा की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा उपस्थित थे।

सिंधिया पिछले 18 साल से कांग्रेस में थे और वह केन्द्रीय मंत्री भी रहे थे। वह पिछले कुछ समय से पार्टी से नाराज चल रहे थे। उन्होंने अनुच्छेद 370 के हटाए जाने का खुले तौर पर समर्थन किया था जबकि कांग्रेस ने इसका विरोध किया था।

इस अवसर पर नड्डा ने सिंधिया की दादी एवं ग्वालियर राजघराने की राजमाता विजय राजे सिंधिया को याद करते हुए कहा कि उनका भारतीय जनसंघ और भाजपा की स्थापना में बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि राजमाता हमारी आदर्श, दृष्टि और दिशानिर्देशक रहीं हैं। उनके पौत्र के इस पार्टी में शामिल होने पर वह बहुत प्रसन्न है और उनका अभिनंदन करते हैं।

नड्डा ने कहा कि सिंधिया के नेतृत्व की प्रखरता एवं क्षमता से सब परिचित हैं। उनका पार्टी में शामिल होना परिवार में शामिल होने जैसा है। उन्होंने कहा कि सिंधिया को पार्टी में मुख्यधारा में काम करने का मौका मिलेगा। भाजपा भारत को परम वैभव तक ले जाने के लिए एक अस्त्र के रूप काम कर रही है। उन्हें विश्वास है कि सिंधिया को भी योगदान देने का अवसर मिलेगा।

सिंधिया ने भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और नड्डा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि मोदी ने उन्हें अपने परिवार में आमंत्रित किया और एक स्थान दिया। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के दिखाए रास्ते पर चल कर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करेंगे।

उन्होंने भावुक स्वर में कहा कि उनके जीवन में बदलाव के दो महत्वपूर्ण क्षण ऐसे आए जिन्होंने उन्हें पूरी तरह बदल दिया। पहला दिन 30 सितंबर 2001 को उनके पिता माधव राव सिंधिया के देहान्त का दिन था और दूसरा दिन 10 मार्च 2020 का दिन था जो उनके पिता की 75वीं वर्षगांठ का दिन था और उस दिन उन्होंने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया।

उन्होंने कहा कि मैंने सदैव माना है कि हमारा लक्ष्य भारत मां और उसके लोगों की सेवा करना है। राजनीति केवल उस लक्ष्य की पूर्ति का माध्यम भर है और कुछ नहीं। उन्होंने कहा कि उनके पिता और 18 वर्ष के राजनीतिक जीवन में उन्होंने प्राणपण और पूरी श्रद्धा से उसी लक्ष्य की पूर्ति के लिए कांग्रेस के माध्यम से काम किया। पर आज जो स्थिति उत्पन्न हुई है, उससे मन दुखी एवं व्यथित है।

उन्होंने कहा कि मैं कह सकता हूं कि जनसेवा के लक्ष्य को अब उस संगठन के माध्यम से हासिल नहीं किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त कांग्रेस में जो स्थिति निर्मित हो गई है, उसमें वह संगठन नहीं रह गया है जो कभी था। वास्तविकता से इन्कार किया जाता है और वहां जड़ता का वातावरण पैदा हो गया है। नई सोच, नए विचार को सही मान्यता नहीं मिलना, जैसे राष्ट्रीय स्तर पर है, वैसे ही मध्यप्रदेश में भी हो गया है।

सिंधिया ने कहा कि मध्यप्रदेश में नवंबर 2018 में कांग्रेस की सरकार बनने पर एक सपना देखा था, जो 18 माह के भीतर बिखर गया है। किसानों के ऋण माफ नहीं हुए। ओलावृष्टि के मुआवजे और बोनस के भुगतान के बारे में कुछ नहीं हुआ। मंदसौर के किसानों पर गोलीकांड के बाद दर्ज मुकदमे नहीं हटे। युवाओं के लिए रोजगार नहीं है, बेरोजगारी भत्ता देने की बात भूल गये। इसके विपरीत राज्य में भ्रष्टाचार का बड़ा वातावरण बन गया है। ट्रांसफर उद्योग और रेत माफिया हावी है।

उन्होंने कहा कि जब सत्य के पथ पर मूल्यों के आधार पर चलेंगे तो ही भारत को प्रगति के रास्ते पर चलाया जा सकेगा। उन्होंने भाजपा नेतृत्व को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्हें जनसेवा और राष्ट्रसेवा के लिए मंच प्रदान करने के लिए वह प्रधानमंत्री माेदी, अमित शाह और नड्डा का आभार व्यक्त करते हैं।

उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में दो बार लगातार ऐसा जनादेश किसी भी नेता को नहीं मिला जैसा मोदी को मिला है। वह एक सक्रिय, क्षमतावान, पूर्ण समर्पित भाव वाली कार्यक्षमता से काम कर रहे हैं। देश का नाम विश्व स्तर पर ले जाने के लिए भविष्य की चुनौतियों को परख कर योजना बनाना और उसे क्रियान्वित करना मोदी की विलक्षण क्षमता है। भारत का भविष्य उनके हाथों में पूरी तरह से सुरक्षित है।

सिंधिया ने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री शाह और नड्डा के दिखाए रास्ते पर चलेंगे। करोड़ों कार्यकर्ता के साथ मिलकर देश के विकास के लिए काम करने का अवसर देने के लिए वह इन नेताओं के प्रति कृतज्ञ हैं।

ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक विधायकों के वीडियो जारी

अब पूरा सिंधिया परिवार भाजपा की सेवा में : शिवराज सिंह चौहान

मध्यप्रदेश के कांग्रेस विधायक जयपुर और बीजेपी के ग्रुरुग्राम में शिफ्ट