

भोपाल । मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज यहां अपने निवास पर राजगढ़ जिले से आए एक कांग्रेस कार्यकर्ता का अनोखा संकल्प पूरा होने पर स्वागत किया।
कमलनाथ ने दुर्गालाल किरार नाम के इस कार्यकर्ता का स्वागत किया और कहा कि ऐसे संकल्पी कार्यकर्ताओं के कारण ही संगठन मजबूत होता है। उन्होंने कार्यकर्ता के जज्बे को सलाम भी किया।
इस कार्यकर्ता ने संकल्प लिया था कि जब तक राज्य में कांग्रेस की सरकार नहीं बनेगी, वह अपने पैरों में जूता नहीं पहनेगा। कमलनाथ ने कहा कि अब कार्यकर्ता का संकल्प पूरा हो गया है और उन्होंने उसे जूते पहनाए।
कमलनाथ ने कहा कि ऐसे कार्यकर्ताओं को सलाम है, जो पूरी निष्ठा से कांग्रेस के लिए दिन रात मेहनत करते हैं। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी मौजूद थे।