Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
कारगिल विजय दिवस : गहलोत, पूनिया, पायलट और राजे ने वीर सैनिकों को याद किया - Sabguru News
होम Headlines कारगिल विजय दिवस : गहलोत, पूनिया, पायलट और राजे ने वीर सैनिकों को याद किया

कारगिल विजय दिवस : गहलोत, पूनिया, पायलट और राजे ने वीर सैनिकों को याद किया

0
कारगिल विजय दिवस : गहलोत, पूनिया, पायलट और राजे ने वीर सैनिकों को याद किया

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कारगिल युद्ध के बहादुर सैनिकों को सलाम करते हुए कहा है कि संपूर्ण राष्ट्र हमारे इन सैनिकों के असाधारण साहस और बलिदानों का ऋणी है।

गहलोत ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आज सोशल मीडिया के जरिए यह बात कही। उन्होंने कहा कि कारगिल दिवस पर, हम अपने सशस्त्र बलों की वीरता को सलाम करते हैं और कारगिल की ऊंचाइयों पर लड़ी गई लड़ाई में उनके बलिदानों को याद करते हैं। संपूर्ण राष्ट्र हमारे बहादुर सैनिकों के असाधारण साहस और असंख्य बलिदानों का ऋणी है।

इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने कारगिल विजय दिवस की 21वीं सालगिरह पर युद्ध में शहीद हुए मां भारती के वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें सलाम किया। उन्होंने कहा कि बीस साल पहले कारगिल की चोटी पर पाकिस्तान को परास्त कर हमारे वीर जवानों ने कारगिल की पहाड़ियों पर तिरंगा लहराया था।

बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कारगिल के वीर सैनिकों को सलाम किया और कहा कि कारगिल दिवस हमें देश की सीमाओं की सुरक्षा में शहीद हुए जांबाज रत्नों के अदम्य साहस, वीरता एवं बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर भारत की अखंडता को बरकरार रखने का संकल्प लेना चाहिए, यही कारगिल के अमर सपूतों को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने अपने अदम्य साहस और वीरता से कारगिल में तिरंगे की आन-बान-शान बरकरार रखने वाले वीर सैनिकों को कोटि-कोटि नमन किया।

पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी वीर सैनिकों को सलाम करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 1999 के कारगिल युद्ध में अपने अदम्य साहस, अदभुत पराक्रम एवं शौर्य से दुश्मनों को पराजित कर देश को गौरवान्वित करने वाले माँ भारती के वीर सपूतों को सादर नमन।

उन्होंने कहा कि हमारे देश के वीर जवान हमारा गौरव हैं। हमारे देश के वीर जवान अपना सर्वस्व न्योछावर करते हुए सदैव मातृभूमि की रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि मैं भारत माता के इन वीर सपूतों के अदम्य साहस, वीरता एवं कर्तव्य परायणता को सलाम करता हूं।