

बेंगलुरू। कांग्रेस ने 224 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा चुनावों के लिए 218 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की सूची रविवार को जारी कर दी। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया अपने गृह जिला मैसुरू की चामुंडेश्वरी सीट से चुनाव लड़ेंगे।
कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने दिल्ली में यह सूची जारी की। पार्टी ने यह साफ किया है कि कोई भी उम्मीदवार दो सीटों से चुनाव नहीं लड़ेगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार सिद्धारमैया मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों को टिकट दिया गया है।
कांग्रेस ने फिलहाल बेंगलुरू शहर की महत्वपूर्ण शांतिनगर सीट के लिए उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है जहां दो बार विधायक रह चुके एमए हरीश अपने बेटे एवं पूर्व कांग्रेस युवा नेता मोहम्मद एन हरीश के कारण लोगों का विरोध का सामना कर रहे हैं। हरीश के बेटे पर एक युवक पर शहर के एक बार में अपने ‘गैंग के सदस्यों’ के साथ घातक हमला करने का अारोप है।
पार्टी ने हाल ही में कांग्रेस में शामिल बिदार से विधायक अशोक खेनी और आनंद सिंह को टिकट नहीं दिया है। श्री सिंह के भारतीय जनता पार्टी के जी जर्नादन रेड्डी से करीबी संबंध रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि कर्नाटक में 224 सीटों के लिए 12 मई को विधानसभा चुनाव होगा और 15 मई को वोटों की गिनती की जाएगी। भाजपा अपने 72 उम्मीदवारों की एक सूची पहले ही जारी कर चुकी है। कांग्रेस की यह पहली सूची है।