

बेंगलुरु। कर्नाटक में लोकसभा की तीन और विधानसभा की दो सीटों पर हुए उप चुनाव में कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) गठबंधन को चार सीटों पर सफलता मिली है जबकि भाजपा को एक सीट पर ही संतोष करना पड़ा।
कांग्रेस-जद (एस) गठबंधन की झोली में बेल्लारी और मांड्या लोकसभा सीट के अलावा विधानसभा की जमखंडी और रामनगरम सीटें आई हैं। गठबंधन की ओर से कांग्रेस के यूएस उगरप्पा ने भाजपा की मजबूत पकड़ वाली सीट बेल्लारी में भाजपा के जे. शांता को 214826 वोटों से हराकर गठबंधन के लिए बड़ी जीत दर्ज की। खनिज पदार्थों से परिपूर्ण इस क्षेत्र पर भाजपा की लगभग दो दशक की पकड़ का कांग्रेस ने अंत कर दिया।
जद (एस) के एल. शिवराम ने मांड्या लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी डॉ. सिद्दारामैया को 324925 वोटों से हराया। भाजपा ने अपने गढ़ शिमोगा में अपनी जीत का सिलसिला कायम रखा है। भाजपा के राज्य अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येद्दियुरप्पा के पुत्र बीवाई राघवेंद्र ने 52,148 मतों के अंतर से यहां जीत दर्ज की है।
दो विधानसभा सीटों में कांग्रेस उम्मीदवार आनंद न्यामगौड़ा ने जमखंडी में 39480 वोटों के अतंर से भाजपा के श्रीकांत कुलकर्णी को हराया जबकि रामनगरम में अनीता कुमारस्वामी ने भाजपा के उम्मीदवार चंद्रशेखर को 10937 वोटों के अंतर से हरा दिया। भाजपा ने मतदान से पहले ही विधानसभा सीटों अपनी हार मान ली थी क्योंकि उपचुनाव से दो दिन पहले ही उनके उम्मीदवार ने चुनावों से नामांकन पत्र वापस ले लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सिद्दारामैया ने बेल्लारी में कांग्रेस की जीत की सराहना करते हुए ट्वीट किया कि भाजपा शासनकाल को समाप्त करने के लिए अंधेरे से आगे बढ़कर मतदाता नरक चतुर्दशी/दीपावली त्योहार मना रहे हैं।
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुंडुरओ ने ट्वीट कर कहा कि यह राज्य में कांग्रेस-जद (एस) गठबंधन की शानदार जीत है और भाजपा को 4-1 से पराजित किया गया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने कर्नाटक में भाजपा की नकारात्मक राजनीति को नकार दिया है और लोगों के मुद्दों को संबोधित करने में केंद्र सरकार की केंद्र में विफलता पर नाराजगी जाहिर की है। मैं सभी कांग्रेस विजेताओं को बधाई देता हूं।
किसकों कितने वोट
शिमोगा में भाजपा के राघवेंद्र को 489959 वोट मिले जबकि जनता दल (एस) 442571 वोट मिले। मांड्या में जनता दल (एस) के एलआर शिवराम गौड़ा 559302 वोट मिले जबकि भाजपा को 244377 को प्राप्त हुए।
बेल्लारी लोकसभा सीट पर कांग्रेस के वी. एस. उग्ररप्पा को 18 में से 15 राउंड में 554139 वोट मिले हैं जबकि भाजपा को 293977 वोट मिले हैं। इस तरह कांग्रेस भाजपा से करीब 185000 हजार से आगे है।
रामनगरम विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी की पत्नी एवं जनता दल (एस) की अनिता कुमारस्वामी 125043 वोट से विजयी हुई हैं जबकि भाजपा के एल. चंद्रशेखर को 15906 वोट मिले हैं। जामखंडी विधानसभा सीट पर कांग्रेस के आनंद सिद्दु न्यामगौड़ा ने भाजपा को हराकर 97017 वोट हासिल किये।