

सोलन। कसौली अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने शुक्रवार को तीन दिन पूर्व अवैध निर्माण तोड़क कार्रवाई के दौरान सहायक शहर नियोजक शैल बाला शर्मा को गोली मारकर हत्या के आरोपी विजय सिंह को आठ मई तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार ने बताया कि विजय सिंह का प्वाइंट 32 बोर का रिवाल्वर बरामद कर लिया गया है, जिससे कि तीन गोलियां चलाई गई थीं। रिवाल्वर विजय सिंह के घर के पिछवाड़े से ही बरामद किया गया है।
उल्लेखनीय है कि विजय सिंह को गुरुवार को मथुरा से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार विजय सिंह की तलाश के लिए बनाई पुलिस टीमें उसके मोबाईल के लोकेशन के जरिये उस तक पहुंची।
पहले वह दिल्ली गया था और बाद में मथुरा पहुंचा। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर मथुरा के एक मंदिर परिसर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार चंडीगढ़ से दिल्ली वह बस पकड़कर पहुंचा था।