Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
श्रीनगर में पारा शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे जाने से डल झील जमी - Sabguru News
होम Breaking श्रीनगर में पारा शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे जाने से डल झील जमी

श्रीनगर में पारा शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे जाने से डल झील जमी

0
श्रीनगर में पारा शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे जाने से डल झील जमी

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में रात का तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे चलने जाने से गुरुवार को विश्व प्रसिद्ध डल झील जम गई।

शहर में आज नालों और नालियों सहित पानी के नल और अन्य जलाशयों का पानी भी जम गया। सुबह सूर्य दिखाई दिया, हालांकि बर्फीली हवाएं चलने के कारण लोग घरों के अंदर ही रहें।

मौसम विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि अगले ती दिनों के दौरान मौसम शुष्क रहेगा। उन्होंने कहा कि शुष्क मौसम से रात के तापमान में और गिरावट आने के आसार है हालांकि धूप खिलने की वजह से अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा।

उन्होंने कहा कि अरब सागर से उठे ताजा पश्चिमी विक्षोभ के अफगानिस्तान और पाकिस्तान के रास्ते 20 दिसंबर को गुजरने के आसार है। इसके कारण 20 और 21 दिसंबर को हल्की बर्फबारी हो सकती है।

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के सीमावर्ती शहर कारगिल सबसे अधिक ठंडा रहा। यहां का तापमान शून्य से 16.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया, इसके बाद लेह में बुधवार को पारा करीब चार डिग्री गिर गया और शून्य से 14.9 डिग्री नीचे आ गया।

श्रीनगर में रात का पारा शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे चले जाने से डल झील जम गई। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया धूप निकलने से इन जलस्रोतों के किनारे की बर्फ पिघल गई है हालांकि आंतरिक हिस्सा जमा हुआ है।

सुबह-सुबह शिकारा वाले डल झील में अपनी नावों के लिए रास्ता बनाते हुए बर्फ तोड़ते हुए नजर आए। एक शिकारे वाले अहमद ने बताया कि चूंकि पानी जम गया हम अपनी नावों के लिए रास्ता बनाने के वास्ते बर्फ तोड़ रहे हैं। बर्फ की परत आंतरिक क्षेत्रों में मोटी है, लेकिन यह किनारों पर अपेक्षाकृत पतली है।

उन्होंने कहा कि शहर में ठंड बढ़ने से ऑटो-चालक और ट्रांसपोर्टर्स के अलावा मैकेनिक सड़क के किनारे अलाव सेंकते देखे गए। शहर में रात का तापमान सामान्य से लगभग तीन डिग्री कम रहा।

गुलमर्ग के एक होटल व्यवसायी ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध स्की स्थल क्षेत्र में सबसे ठंडा स्थान है जहां बुधवार को पारा शून्य से 11 डिग्री नीचे स्थिर रहा, जो सामान्य से करीब सात डिग्री सेल्सियस कम है। गुलमर्ग में सर्दी के मौसम में देश के विभिन्न हिस्सों के पर्यटक स्की ढलानों पर बर्फबारी आनंद ले रहे हैं। शुरुआती बर्फबारी के बाद पर्यटकों की भीड़ बढ़ गई है।

पहलगाम में पारा लुढ़ककर शून्य से 8.9 डिग्री नीचे आ गया, जो सामान्य से लगभग पांच डिग्री कम है। काजीगुंड में रात का तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस, उत्तरी कश्मीर में कुपवाड़ा में शून्य 5.8 डिग्री सेल्सियस और पर्यटक स्थल कोकेरनाग में शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।