Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Lalu yadav was elected unopposed for the 11th time as RJD's national president - Sabguru News
होम Bihar लालू 11वीं बार निर्विरोध चुने गए RJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष

लालू 11वीं बार निर्विरोध चुने गए RJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष

0
लालू 11वीं बार निर्विरोध चुने गए RJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष
Lalu yadav was elected unopposed for the 11th time as RJD's national president
Lalu yadav was elected unopposed for the 11th time as RJD's national president
Lalu yadav was elected unopposed for the 11th time as RJD’s national president

पटना। चारा घोटाला मामले में जेल में बंद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव 11वीं बार आज पार्टी के निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए गए।

राजद के राष्ट्रीय सहायक निर्वाचन पदाधिकारी चितरंजन गगन ने यहां बताया कि वर्ष 2019-2022 के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र श्री लालू प्रसाद यादव की ओर से नामांकन पत्र प्राप्त हुआ है। श्री यादव की ओर से चार सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया।

गगन ने बताया कि पटना स्थित पार्टी के केंद्रीय कैंप कार्यालय में श्री यादव के पुत्र एवं विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव और विधायक तेज प्रताप यादव ने नामांकन पत्र जमा कराया। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, विधायक भोला यादव के साथ ही बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

राजद अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों के निर्वाचन के लिए भी आज ही नामांकन पत्र दाखिल किया गया। नामांकन पत्रों की जांच के बाद श्री यादव के निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा कर दी गई।

राजद के राष्ट्रीय सहायक निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 10 दिसंबर को नवगठित राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों का औपचारिक चुनाव किया जाएगा। इसी दिन पार्टी का खुला अधिवेशन भी होगा। इसके पूर्व 09 दिसंबर को निवर्तमान राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी, जिसमें राष्ट्रीय परिषद और महाअधिवेशन में पेश किए जाने वाले विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा होगी।

राजद के राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की सूची का अंतिम प्रकाशन 01 दिसंबर को कर दिया गया था। इसके साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई थी। राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की सूची पार्टी के दिल्ली स्थित प्रधान कार्यालय, कैंप कार्यालय पटना के साथ ही सभी राज्य इकाइयों के प्रदेश कार्यालयों में प्रकाशित की गई है।

उल्लेखनीय है कि वर्तमान में कई बीमारियों से जूझ रहे राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव झारखंड की राजधानी रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती हैं। देवघर कोषागार से अवैध निकासी मामले में उन्हें जमानत मिल गई है लेकिन दुमका कोषागार से अवैध निकासी के मामले में जमानत नहीं मिलने के कारण वह जेल से बाहर नहीं आ पा रहे हैं।