Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
लोकजनशक्ति पार्टी सांसद रामचंद्र पासवान का निधन - Sabguru News
होम Bihar लोकजनशक्ति पार्टी सांसद रामचंद्र पासवान का निधन

लोकजनशक्ति पार्टी सांसद रामचंद्र पासवान का निधन

0
लोकजनशक्ति पार्टी सांसद रामचंद्र पासवान का निधन

नई दिल्ली। लोकजनशक्ति पार्टी के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान के छोटे भाई रामचंद्र पासवान का रविवार को यहां निधन हो गया।

वह 57 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी सुनैना कुमारी, दो पुत्र और एक पुत्री है। उन्होंने राजधानी के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में दोपहर एक बजकर 24 मिनट पर अंतिम सांस ली। कई दिनों से उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी।

उन्होंने गत 11 जुलाई की रात सीने में दर्द की शिकायत की थी। उसके बाद उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था।

रामचंद्र पासवान हालिया सम्पन्न आम चुनाव में बिहार के समस्तीपुर से लोजपा के सांसद निर्वाचित हुए थे। वह पहली बार 1999 में रोसरा से सांसद बने थे, उसके बाद 2004 में भी वह उसी सीट से विजयी रहे थे। वर्ष 2014 और 2019 में वह समस्तीपुर से सांसद निर्वाचित हुए।

बिहार के जमुई से पार्टी के सांसद चिराग पासवान ने भी अपने चाचा रामचंद्र पासवान के निधन की पुष्टि करते हुए ट्वीट किया है कि आप सभी को बड़े दुःख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि मेरे चाचाजी रामचंद्र पासवान अब नहीं रहे। आज अपराह्न 1:24 बजे उन्होंने राम मनोहर लोहिया अस्पताल, नई दिल्ली में आखिरी सांस ली।