Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Lok Sabha election results 2019 : Punjab 13 seats results-लोकसभा चुनाव परिणाम : पंजाब में कांग्रेस का दबदबा कायम, जीती 8 सीटें - Sabguru News
होम Chandigarh लोकसभा चुनाव परिणाम : पंजाब में कांग्रेस का दबदबा कायम, जीती 8 सीटें

लोकसभा चुनाव परिणाम : पंजाब में कांग्रेस का दबदबा कायम, जीती 8 सीटें

0
लोकसभा चुनाव परिणाम : पंजाब में कांग्रेस का दबदबा कायम, जीती 8 सीटें

चंडीगढ़। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लहर की सुनामी में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में दबदबा कायम रखा और आठ सीटों पर जीत हासिल की हालांकि फिल्म अभिनेता सन्नी देओल ने पार्टी प्रदेशाध्यक्ष और सांसद सुनिल जाखड़ को गुरदासपुर से हरा दिया। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी को दो-दो सीटें मिलीं जबकि आम आदमी पार्टी के हिस्से में एक सीट आई।

कांग्रेस ने लुधियाना (रवनीत सिंह बिट्टू), अमृतसर (गुरजीत सिंह औजला), जलंधर (संतोख सिंह चौधरी), खडूर साहिब (जसबीर सिंह डिंपा) पटियाला (परणीत कौर), आनंदपुर साहिब (मनीष तिवारी) और फरीदकोट (मोहम्मद सदीक) जीतीं।

शिरोमणि अकाली दल ने अपनी दो सीटें बरकरार रखीं। बठिंडा में जहां केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल जीतीं वहीं उनके पति और पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने फिरोजपुर सीट जीती। भाजपा के हिस्से में गुरदासपुर (सन्नी देओल) और होशियारपुर सीटें आईं।

आरक्षित होशियारपुर सीट से फगवाड़ा के विधायक सोम प्रकाश विजयी रहे। पिछली बार चार सीटें जीतने वाली आप के हिस्से में केवल संगरूर सीट आई जो सांसद भगवंत मान ने बरकरार रखी।

श्वेत मलिक ने सन्नी, सोम प्रकाश को विजयी होने पर दी बधाई

पंजाब भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्वेत मलिक ने केंद्र में एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की सत्ता की कमान सौंपने के लिए जहाँ देश-वासियों का धन्यवाद किया वहीं पंजाब की जनता का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि पंजाब भाजपा ने प्रदेश में बेहतरीन प्रदर्शन किया है, जिसके चलते भाजपा तीन में से दो सीटों पर विजयी हुई है।

मलिक ने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा के तीन प्रत्यक्षियों में से होशियारपुर से सोम प्रकाश और गुरदासपुर से सन्नी दियोल को विजयी बना कर एक बार फिर से मोदी सरकार पर अपना भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की तीन लोकसभा सीटों में से दो सीट पर विजय हासिल कर भाजपा ने अच्छा प्रदर्शन किया है।

उन्हाेंने कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि कैप्टन ने प्रदेश की 13 की 13 सीटों पर कांग्रेस के विजयी होने का दावा किया था, लेकिन उनका यह दावा जनता ने दरकिनार कर कैप्टन पर से अपना भरोसा न होने का सबूत दिया है। उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह से इस्तीफे की मांग की।