Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Lok Sabha elections 2019 : Campaigning for the sixth phase ends, 4 former chief ministers in fray-लोकसभा चुनाव : छठे चरण का प्रचार समाप्त, 4 पूर्व मुख्यमंत्री मैदान में - Sabguru News
होम Delhi लोकसभा चुनाव : छठे चरण का प्रचार समाप्त, 4 पूर्व मुख्यमंत्री मैदान में

लोकसभा चुनाव : छठे चरण का प्रचार समाप्त, 4 पूर्व मुख्यमंत्री मैदान में

0
लोकसभा चुनाव : छठे चरण का प्रचार समाप्त, 4 पूर्व मुख्यमंत्री मैदान में

नई दिल्ली। देश के सात राज्यों में लोकसभा की 59 सीटों पर 12 मई को होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार शुक्रवार शाम समाप्त हो गया। इस चरण में चार मुख्यमंत्री और कुछ केंद्रीय मंत्रियों समेत कई दिग्गज अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली सीट से दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, भोपाल सीट से मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह तथा सोनीपत सीट से हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा कांग्रेस के टिकट पर और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आजमगढ़ सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14, हरियाणा की सभी 10, बिहार, मध्य प्रदेश तथा पश्चिम बंगाल की आठ-आठ, दिल्ली की सभी सात और झारखंड की चार सीटों पर मत डाले जाने हैं। कुल 1,13,167 मतदान केंद्रों पर 10,17,82,472 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें 5,42,60,965 पुरुष, 4,75,18,226 महिलाएं और 3,281 किन्नर हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इस चरण के स्टार प्रचारकों में प्रमुख रहीं। उन्होंने रैलियों और रोड-शो के माध्यम से मतदाताओं को अपने पक्ष में लुभाने का भरपूर प्रयास किया। राजनीतिक तथा निजी आरोप-प्रत्यारोप भी खूब लगाए गए।

केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से, डॉ. हर्षवर्द्धन दिल्ली के चांदनी चौक से, राधा मोहन सिंह बिहार के पूर्वी चम्पारण से, नरेंद्र सिंह तोमर मध्य प्रदेश के मुरैना और राव इंद्रजीत सिंह हरियाणा के गुड़गाँव सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान हैं।

छठे चरण के अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में भाजपा की साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर भोपाल सीट पर दिग्विजय सिंह को, भाजपा के मनोज तिवारी उत्तर-पूर्वी दिल्ली से दीक्षित को, भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ आजमगढ़ से अखिलेश यादव को और कांग्रेस के जेपी अग्रवाल डॉ. हर्षवर्द्धन को चांदनी चौक सीट पर टक्कर दे रहे हैं।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा सोनीपत से, ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना से, कीर्ति आजाद धनबाद से, पूर्व मुक्केबाज बिजेंदर दक्षिणी दिल्ली से, कुमारी शैलजा अम्बाला से, अजय माकन नयी दिल्ली से और अरविंदर सिंह लवली पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं।

पूर्व क्रिकटर गौतम गंभीर पूर्वी दिल्ली से, मीनाक्षी लेखी नई दिल्ली से, रीता बहुगुणा जोशी इलाहाबाद से और राव इंद्रजीत सिंह गुड़गांव सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह बिहार के वैशाली सीट से, बहुजन समाज पार्टी के अनिरुद्ध उर्फ साधु यादव बिहार के महाराजगंज से और जननायक जनता पार्टी के दुष्यंत चौटाला हरियाणा के हिसार से मैदान में हैं।