Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Lok Sabha elections 2019 : poll campaign in Ajmer-लोकसभा चुनाव : अजमेर में प्रचार जोर पकड़ने लगा - Sabguru News
होम Rajasthan Ajmer लोकसभा चुनाव : अजमेर में प्रचार जोर पकड़ने लगा

लोकसभा चुनाव : अजमेर में प्रचार जोर पकड़ने लगा

0
लोकसभा चुनाव : अजमेर में प्रचार जोर पकड़ने लगा

अजमेर। राजस्थान में सत्रहवीं लोकसभा चुनाव के लिए अजमेर संसदीय लोकसभा क्षेत्र में नामांकन के बाद चुनाव प्रचार जोर पकड़ने लगा है।

अजमेर संसदीय क्षेत्र से प्रमुख राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार भागीरथ चौधरी है वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार उद्योगपति रिज्जु झुनझुनवाला हैं। मंगलवार को नामांकन के आखिरी दिन के बाद इन दोनों प्रमुख दलों सहित अन्य उम्मीदवारों के चुनाव में जुट जाने से चुनाव प्रचार में तेजी आने लगी है।

चौधरी ने आज अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र का स्थानीय नेताओं के साथ सघन दौरा कर भाजपा को विजयी बनाकर नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत करने के लिए मतदान की अपील की। प्रचार के तहत भाजपा अजमेर जिला शहर मोर्चा की ओर से उज्जवला चौपाल लगाई गई।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सीमा गोस्वामी ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर जाकर केंद्र सरकार की उज्जवला योजना की जानकारी देकर महिला मतदाताओं के बीच उसके प्रचार का आह्वान किया।

पूर्व मंत्री एवं विधायक अनिता भदेल ने भी बूथ स्तर पर महिलाओं को जोड़ने के लिए महिला मोर्चा को सक्रिय रहने के लिए कहा। महिला मोर्चा बारह अप्रेल को प्रचार के क्रम में प्रभातफेरी भी निकालेगी। इसके अलावा बूथ कमल आरती, कमल मेहंदी, कमल रंगोली का भी आयोजन किया जाएगा।

महिला मोर्चा प्रभारी डॉ. कमला गोखरु के अनुसार महिला मोर्चा प्रबुद्ध महिला सम्मेलन भी आयोजित करेगा जिसमें महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय की नवयुवा महिला मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया जाएगा।

अजमेर में भाजपा के केंद्रीय चुनाव कार्यालय पर एक बैठक का आयोजन किया गया जिसमें अजमेर लोकसभा चुनाव के सहप्रभारी देवीशंकर भूतड़ा, ओबीसी मोर्चा के ओम भडाना, अल्पसंख्यक मोर्चे के प्रदेश महामंत्री मुनसिफ अली खान, एससी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष ओम जेदिया सहित किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने भाग लेकर मतदान की रणनीति के लिए बैठक आयोजित की।

उधर, कांग्रेस के प्रत्याशी रिज्जु झुनझुनवाला ने भी अपना चुनाव प्रचार शुरु कर दिया हैं और जिले में अब धीरे धीरे चुनाव प्रचार जोर पकड़ने लगा है।