Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Lok Sabha Elections 2019: Voting in 26 seats in Gujarat underway-लोकसभा चुनाव : गुजरात में 63.67 प्रतिशत से अधिक मतदान - Sabguru News
होम Gujarat Gandhinagar लोकसभा चुनाव : गुजरात में 63.67 प्रतिशत से अधिक मतदान

लोकसभा चुनाव : गुजरात में 63.67 प्रतिशत से अधिक मतदान

0
लोकसभा चुनाव  : गुजरात में 63.67  प्रतिशत से अधिक मतदान

गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गृह राज्य गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटों पर एक साथ आज सुबह सात बजे से चल रहा मतदान शाम छह बजे शांतिपूर्वक संपन्न हो गया और प्रारंभिक आधिकारिक अनुमान के अनुसार राज्य में औसत 63.67 प्रतिशत मतदान हुआ है।

सर्वाधिक 74.09 प्रतिशत मतदान वलसाड में होने का अधिकारिक अनुमान है जबकि सबसे कम 55.73 प्रतिशत अमरेली में होने का अनुमान है। पिछले लोकसभा चुनाव में वर्ष 2014 में 63.9 प्रतिशत मतदान हुआ था। भाजपा ने सभी सीटों पर जीत हासिल की थी। उससे पहले 2009 के चुुनाव में भाजपा को 14 और कांग्रेस को 12 सीटें मिली थीं।

देर शाम जारी आधिकारिक अनुमान के अनुसार राज्य की अन्य लोकसभा सीटों में मतदान के प्रतिशत का अनुमान इस प्रकार है- कच्छ ( 57.53 ), बनासकांठा (64.71 ), पाटन (61.23), महेसाणा (64 .91), साबरकांठा (67.25), गांधीनगर (64.95), अहमदाबाद पूर्व (60 .77), अहमदाबाद पश्चिम (59 .82), सुरेन्द्रनगर (57.84), राजकोट (63.12), पोरबंदर ( 56.77), जामनगर (58.49), जूनागढ़ (60.70 ), भावगनर (58.41), आणंद (66.03), खेड़ा (60.32), पंचमहाल (61.68), दाहोद (66.05), वडोदरा (67.26) छोटा उदेपुर (72.91), भरूच (71.77), बारडोली (72.92), सूरत (63.99), नवसारी (66.42)।

लोकसभा चुनावों के साथ ही हुए चार विधानसभा उपचुनावों के लिए मतदान के प्रतिशत का अनुमान इस प्रकार है- ऊंझा (65.00), धांगध्रा (60.86), जामनगर ग्राम्य (62.37 ) तथा माणावदर (62.87)।

सुबह जल्दी ही मतदान करने वालों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद के राणिप मेंं निशान स्कूल में बने बूथ पर वोट दिया। इस मौके पर गांधीनगर लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी तथा पार्टी अध्यक्ष अमित शाह भी उनकी अगवानी के लिए मौजूद थे। शाह ने बाद मेें सपरिवार नाराणपुरा में मतदान किया।

मध्य प्रदेश की राज्यपाल तथा गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने अहमदाबाद के शीलज मेे वोट डाला। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने पत्नी अंजलीबेन के साथ राजकोट में मतदान किया। नेता प्रतिपक्ष तथा कांग्रेस के उम्मीदवार परेश धानाणी ने अमरेली में वोटिंग की। कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल ने सुरेन्द्रनगर लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले वीरमगाम में मतदान किया।

अहले सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारे लग गई थी। गुजरात में लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, राज्य सरकार के मंत्री परबत पटेल, चार पूर्व केंदीय मंत्रियों और राज्य विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता परेश धानाणी के अलावा अन्य 7 कांग्रेस विधायकों समेत 371 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा।

वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने शाहपुर के हिंदी स्कूल बूथ में मतदान किया जो अहमदाबाद पश्चिम लोकसभा क्षेत्र के तहत आता है। उनके साथ उनकी पुत्री प्रतिभा भी उपस्थित थीं। वित्त मंत्री अरूण जेटली ने गांधीनगर क्षेत्र के तहत आने वाले अहमदाबाद के एसजी हाई वे के निकट चिमनभाई संस्थान बूथ पर मतदान किया।

कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला राजकोट में मतदान किया। प्रधानमंत्री की लगभग 90 वर्षीय माता हीराबा ने गांधीनगर के रायसण गांव के एक बूथ में मतदान किया। मोदी ने मतदान देने से पहले यहां मां हीराबा से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। उनकी पत्नी जसोदाबेन ने महेसाणा लोकसभा क्षेत्र के ऊंझा इलाके में मतदान किया जहां विधानसभा उपचुनाव भी हो रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी से कथित नजदीकी के कारण कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के निशाने पर रहने वाले अरबपति उद्योगपति गौतम अडानी ने मोहम्मदपुरा में मतदान किया। यह गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में आता है। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अहमद पटेल ने भरूच के अंकलेश्वर में मतदान किया। पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला और माधवसिंह सोलंकी ने गांधीनगर, पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल ने राजकोट में वोट डाला।

गुजरात के मुख्य चुनाव अधिकारी एस मुरली कृष्णा ने बताया कि 26 लोकसभा सीटों के साथ ही गुजरात में कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे के कारण चार विधानसभा सीटों जामनगर ग्रामीण, ऊंझा, ध्रांगध्रा और माणावदर में उपचुनाव भी हुआ। कुल 4,51,25,680 मतदाताओं में 2,16,96,571 महिलाएं हैं। 990 तीसरे लिंग के यानी ट्रांस जेंडर हैं।

पहली बार मतदान करने वाले 18 से 19 साल के मतदाताओं की कुल संख्या 10,06,855 है। चुनाव के लिए कुल 51851 मतदान केंद्र बनाये गये थे जिनमें से 17430 शहरी इलाकों में और शेष ग्रामीण क्षेत्रों में थे। मतदान के लिए दो लाख 23 हजार से मतदानकर्मी लगाए गए थे।

सभी 26 लोकसभा सीटों पर कुल 371 प्रत्याशी मैदान में है इनमें से सर्वाधिक 31 सुरेन्द्रनगर में और न्यूनतम छह पंचमहाल में हैं। चार विधानसभा सीटों पर कुल 45 प्रत्याशी हैं। ज्ञातव्य है कि मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के बीच माना जा रहा है।

यहां दो सप्ताह तक चले जबरदस्त प्रचार अभियान के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सात चुनावी रैलिंयां की थी जबकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ऐसी चार सभाएं की थीं। दोनो ने एक दूसरे पर सीधे आरोप लगाए थे।

प्रचार के दौरान भाजपा ने जहां राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद और विकास के साथ ही साथ कांग्रेस के गुजरात के साथ कथित अन्याय को मुख्य मुद्दा बनाया वहीं कांग्रेस ने नोटबंदी और जीएसटी के अलावा किसानों की बदहाली और बेरोजगारी आदि को प्रमुखता से उठाया।

भाजपा की ओर से इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, जो गांधीनगर लोकसभा सीट पर प्रत्याशी भी हैं, ने पांच रोड शो किये। कांग्रेस की ओर से पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू , पार्टी के कोषाध्यक्ष अहमद पटेल तथा हाल में भाजपा छोड़ पार्टी में आये अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी सभाएं की।

चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल पर हुए हमले की भी खासी चर्चा रही। सुरेन्द्रनगर के बलदाणा गांव में उनकी सभा के दौरान एक व्यक्ति ने उन को तमाचा जड़ दिया था।

गुजरात से लोकसभा चुनाव में शाह के अलावा प्रमुख उम्मीदवारोें में चार पूर्व केंद्रीय मंत्री भरतसिंह सोलंकी (कांग्रेस, आणंद) तुषार चौधरी (कांग्रेस, बारडोली) , मनसुख वसावा (भाजपा भरूच) और मोहन कुंडारिया (भाजपा राजकोट) है। इनके अलावा राज्य के मंत्री परबत पटेल बनासकांठा सीट पर भाजपा उम्मीदवार है। कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष और अमरेली के विधायक परेश धानाणी समेत आठ विधायकों को भी चुनाव मैदान में उतारा है।

भाजपा ने चार निवर्तमान सांसदों समेत छह महिलाओं को टिकट दिया है जबकि कांग्रेस ने केवल एक महिला प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। भाजपा ने एक भी मुस्लिम उम्मीदवार नहीं बनाया है जबकि कांग्रेस ने मात्र एक मुस्लिम को टिकट दिया है। राज्य की दो सीटे अनुसूचित जाति तथा चार अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। मतगणना 23 मई को होगी।