Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
lok sabha polls 2019 : rahul gandhi addresses public meeting at bandanwara in ajmer-राहुल गांधी ने लगाया नोटबंदी के कारण उद्योग धंधे बंद होने का आरोप - Sabguru News
होम Rajasthan Ajmer राहुल गांधी ने लगाया नोटबंदी के कारण उद्योग धंधे बंद होने का आरोप

राहुल गांधी ने लगाया नोटबंदी के कारण उद्योग धंधे बंद होने का आरोप

0
राहुल गांधी ने लगाया नोटबंदी के कारण उद्योग धंधे बंद होने का आरोप

अजमेर। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नोटबंदी के कारण उद्योग धंधे बंद हो गए जिससे 45 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी बढ़ी है।

अजमेर संसदीय क्षेत्र के बांदनबाड़ा में कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए गांधी ने कहा कि नोटबंदी के कारण लोगों के पास पैसों की कमी से माल की खरीद नहीं हुई तथा कारखाने बंद हो गए, इससे बेरोजगारी बढ़ गई।

उन्होंने कहा कि पिछले 45 सालों में देश में आज सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार डीजल नहीं डालने से ट्रक रुक जाता है, उसी तरह पैसा न होने से कारखाने भी नहीं चल पाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना चाहती है ताकि कारखाने खुलें और लोगों को रोजगार मिले।

गांधी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि अनिल अम्बानी एवं मेहुल चौकसी सहित 15 लोगों का 55 हजार करोड़ रुपए का कर्जा माफ कर दिया लेकिन किसानों का कर्ज माफ करने के बारे में सोचा तक नहीं । उन्होंने कहा कि कांग्रेस का राज आया तो किसी भी किसान को कर्ज नहीं चुकाने पर जेल नहीं जाना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा की तरह अमीर एवं गरीब का अलग अलग देश नहीं बल्कि एक देश बनेगा जिसमें राष्ट्रीय बजट के साथ किसानों का अलग बजट बनेगा। किसानों को पहले ही पता चल जाएगा कि फसल का समर्थन मूल्य क्या होगा, एवं बोनस कितना मिलेगा और कितना कर्ज माफ होगा।

गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर युवा उद्यमियों को कारखाना लगाने के लिए सरकार से अनुमति की कोई जरुरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने युवाओं को ज्यादा से ज्यादा उद्योग धंधे खड़े करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे लोगों को रोजगार मिलेगा तथा बेरोजगारी मिटेगी।

उन्होंने संसद, विधानसभा के साथ सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा भी दोहराया। उन्होंने कहा कि न्याय योजना के छह हजार रुपए हर महीने महिलाओं के खाते में डाले जाएंगे।

जो जनता चाहेगी, वही करेंगे : अशोक गहलोत

सभा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है। अपनी नाकामी छिपाने के लिए कभी राममंदिर, कभी पाकिस्तान तो कभी परमाणु बम का राग अलापने लग जाती है। प्रदेश और देश में भारी मतों से सत्ता में आने के बाद भाजपा ने देश के लिए कुछ भी काम नहीं किया। जो वादे चुनावों में किए थे, उनमें से एक भी पूरा नहीं किया।

उन्होंने कहा कि हमने प्रदेश में सत्ता में आते ही किसानों का कर्ज माफ कर दिया है। जिन किसानों का राष्ट्रीयकृत बैंकों का कर्ज है, वह भी लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद माफ कर दिया जाएगा। पानी का बिल माफ कर दिया गया है। कैंसर, हार्ट और किडनी की गंभीर बीमारियों के लिए दवाइयां निशुल्क कर दी गई हैं। पेंशन की राशि बढ़ा दी गई है। जो जनता चाहती है, हम वही काम करते हैं।

आमजन की भावना के अनुसार ही इस बार लोकसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र बनाया गया है। गरीबों को प्रतिमाह 6 हजार रूपए देने का वादा केंद्र में कांग्रेस सरकार बनते ही पूरा कर दिया जाएगा। भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह हम कोई भी निर्णय जनता पर नहीं थोपेंगे। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी रिजु झुनझुनवाला को भारी मतों से जिताने का आह्वान किया।

भाजपा बांधे ले अपने बोरी-बिस्तर : सचिन पायलट

उप मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद दो दिन के भीतर किसानों का 18 हजार करोड़ रूपए का कर्ज माफ कर दिया गया। प्रदेश में भाजपा के शासनकाल में मनरेगा में मात्र 9 लाख लोगों को रोजगार मिल रहा था, लेकिन अब 30 लाख लोगों को रोजगार मिल रहा है। हमने जनता से जो वादे किए हैं, उन सभी को पूरा करेंगे।

विधानसभा चुनावों में राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा का सफाया कर कांग्रेस अपनी सरकार बना चुकी है। अब लोकसभा चुनाव में भाजपा को अपना बोरियां-बिस्तर बांध लेने चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज उको तोड़ने की बात करती है, जबकि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो सभी को साथ लेकर चलती है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस और पेट्रोल के दाम बढ़ने और नोटबंदी होने से आमजन की कमर टूट गई।

देश और प्रदेश में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन उसने लोगों को राहत देने की बजाय कमर तोड़ने का काम किया। भाजपा के खिलाफ बोलने वालों को देशद्रोही बताया जाता है। उन्होंने पूरे आत्मविश्वास से कहा कि जनता ने भाजपा का सफाया करने का मन बना लिया है, इसलिए 23 मई को कांग्रेस भारी मतों से जीत कर सत्ता में आएगी।

दक्षिण भारत में तो भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा। उन्होंने भाजपा की धर्म और जाति आधारित राजनीति का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए अजमेर में कांग्रेस प्रत्याशी झुनझुनवाला को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झुनझुनवाला चुनाव जीत कर जयपुर-दिल्ली में जनता की आवाज बनेंगे और हम सब उनका साथ देंगे।

पूरी निष्ठा व ईमानदारी से जनता की सेवा करूंगा : झुनझुनवाला

कांग्रेस प्रत्याशी रिजु झुनझुनवाला ने उन्हें टिकट देकर जनता की सेवा करने का मौका देने पर गांधी, गहलोत, पायलट और डाॅ. शर्मा के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन पर पार्टी नेतृत्व ने जो भरोसा जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में दो बड़े मुद्दे लेकर जनता के बीच गए हैंं। पानी की समस्या का दो साल के भीतर समाधान कराने का प्रयास करेंगे। पानी की समस्या का समाधान करने के लिए बड़ी योजना लाएंगे।

अजमेर संसदीय क्षेत्र और जिला औद्योगिक रूप से पिछड़ा है, इसलिए वे यहां औद्योगिक क्रांति लाकर युवा बेरोजगारों को रोजगार दिलाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगाएंगे। उद्योगों की स्थापना कराने के लिए बड़े-बड़े उद्यमियों से बात करेंगे और उनसे यहां निवेश करने का आग्रह करेंगे। जिस तरह से उन्होंने अपने व्यवसाय के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम किया है, उसी तरह वे राजनीति में भी काम करेंगे।

कभी भी अपने क्षेत्र की जनता और पार्टी का सिर नीचा नहीं होने देंगे। झुनझुनवाला ने कहा कि जिस तरह जनता का प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है, उससे यह विश्वास है कि हम अजमेर की सीट भारी मतों से जीतेंगे।

झुनझुनवाला में विकास का विजन : रामेश्वर डूडी

पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी ने सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी रिजु झुनझुनवाला को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रिजु में अपने क्षेत्र का चहुंमुखी विकास करने का विजन है। इसलिए वे चुनाव जीतने के बाद अजमेर के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।

पारीक ने स्वागत, शर्मा ने किया संचालन

मसूदा के विधायक राकेश पारीक ने सभी का स्वागत करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी झुनझुनवाला को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। संचालन चिकित्सा मंत्री व लोकसभा प्रभारी डाॅ. रघु शर्मा ने किया।

इन्होंने भी किया संबोधित

मसूदा के विधायक राकेश पारीक, किशनगढ़ के विधायक सुरेश टांक, सभा को प्रदेश कांग्रेस के सचिव महेंद्रसिंह रलावता, अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचंद्र चैधरी, पूर्व मंत्री नसीम अख्तर इंसाफ, पूर्व विधायक रामनारायण गुर्जर, अजमेर के पूर्व मेयर कमल बाकोलिया, अजमेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन, भिनाय ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय धाबाई, कांग्रेस नेता संग्रामसिंह गुर्जर आदि ने भी संबोधित किया।

सूत की माला पहनाकर स्वागत

मंच पर राहुल गांधी का मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने साफा और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने सूत की माला पहना कर स्वागत किया। कांग्रेस प्रत्याशी रिजु झुनझुनवाला ने राहुल गांधी, गहलोत व पायलट का स्वागत किया। देहात कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्रसिंह राठौड़ ने गहलोत, शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन ने पायलट और मसूदा के विधायक पारीक ने गांधी का सूत की माला पहना कर स्वागत किया।

यह भी मौजूद रहे

सभा में पूर्व मंत्री बीना काक, अमृता झुनझुनवाला, पूर्व राज्यसभा सदस्य डाॅ. प्रभा ठाकुर, देहात कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्रसिंह राठौड़, पूर्व मंत्री जसराज जयपाल, पूर्व मंत्री ललित भाटी, पूर्व विधायक डाॅ. श्रीगोपाल बाहेती, पूर्व विधायक डाॅ. राजकुमार जयपाल, महेंद्रसिंह गुर्जर, नाथूराम सिनोदिया, हाजी कयूम खान, पीसीसी प्रवक्ता सुरेश चैधरी, इंटक नेता सुरेशराज श्रीमाली, पीसीसी सदस्य उल्लास चंद भूतड़ा, भंवर बहादुर चीता, कांग्रेस सेवादल के देहात जिला अध्यक्ष रतन यादव, जिलाध्यक्ष, युवक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, महिला कांग्रेस की देहात जिला अध्यक्ष इन्द्रा रावत, एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष नवीन सोनी, सांवरलाल गुर्जर, देहात कांग्रेस के प्रवक्ता अजय शर्मा व कमल वर्मा, शहर कांग्रेस के उपाध्यक्ष बिपिन बैसिल, प्रवक्ता अंकुर त्यागी, कांग्रेस नेता हाजी इंसाफ अली, प्रद्युम्नसिंह आदि भी मौजूद रहे।