
अयोध्या। राम मंदिर निर्माण ट्रस्ट के न्यासी चंपत राय ने कहा है कि दिसंबर 2023 तक भगवान श्रीराम अपने स्थाई आसन पर विराजमान हो जाएंगे।
राय ने बुधवार को राम मंदिर निर्माण स्थल पर पत्रकारों से कहा कि भगवान राम अभी अस्थाई निवास पर हैं और भव्य मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। वर्ष 2023 के अंत तक रामलला को स्थाई रूप से मंदिर में विराजमान कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मंदिर के निर्माण स्थल की भूमि पर मंदिर निर्माण की बुनियाद को बड़े-बड़े इंजीनियरों और विशेषज्ञों की देखरेख में तैयार किया गया है और जनवरी के आखिर से इस पर आगे का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
उनका कहना था कि इसकी बुनियाद को इस तरह से मजबूती प्रदान की जा रही है कि अगले 1000 साल तक कैसी भी बाढ़ और तूफान आए इसकी नींव पर उसका काई असर नहीं होगा।
राम मंदिर ट्रस्ट के न्यासी ने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए ग्रेनाइट पत्थर बेंगलूरु से मंगाए गए हैं और सफेद पत्थर राजस्थान से आए हैं। ग्रेनाइट पत्थर करीब 17 से 18 हजार के आसपास हैं और उनके निर्माण स्थल पर लगने के बाद कह सकते हैं कि मंदिर का कार्य पूरा हो चुका है।