Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
पुलिस मुठभेड में बारह लाख रुपए के इनामी नक्सली को मार गिराया - Sabguru News
होम Madhya Pradesh Bhopal पुलिस मुठभेड में बारह लाख रुपए के इनामी नक्सली को मार गिराया

पुलिस मुठभेड में बारह लाख रुपए के इनामी नक्सली को मार गिराया

0
पुलिस मुठभेड में बारह लाख रुपए के इनामी नक्सली को मार गिराया

भोपाल/बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के मलॉजखंड थाना क्षेत्र के जंगल में आज पुलिस के हॉकफोर्स के जवानों ने बारह लाख रुपए के एक इनामी नक्सली को मुठभेड़ में मार गिराया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मलॉजखंड के हर्राटोला में ग्रामीणों से जोर जबर्दस्ती कर राशन एवं अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री लेने पहुंचे नक्सली की सूचना मिलने पर हॉकफोर्स के जवानों को मौके पर रवाना किया गया। जंगल से आने वाले रास्ते पर नक्सलियों को आत्मसमर्पण के लिए कहा गया, लेकिन बीस से पच्चीस की संख्या में वहां पहुंचे नक्सलियों ने हॉकफोर्स के जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी।

हॉकफोर्स के जवानों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसपर नक्सली जंगल की आड लेकर वहां से भाग गए। मुठभेड़ के बाद घटना स्थल की सर्चिंग में नक्सली का एक शव पाया गया। नक्सली से एक राइफल, राशन एवं नक्सली साहित्य बरामद किया गया।

शव की पहचान केबी डिवीजन के खूंखार नक्सली रूपेश उर्फ हुंगा के रूप में हुई, जो छत्तीसगढ़ के सुकमा का निवासी है। इस पर मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं महाराष्ट्र द्वारा संयुक्त रूप से 12 लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

हॉकफोर्स के जवानों का ह्दय से अभिनंदन: शिवराज

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बालाघाट जिले में एक इनामी नक्सली को मार गिराने वाले हॉकफोर्स के जवानों का ह्दय से अभिनंदन करते हुए आज कहा कि उन्हें और सम्पूर्ण मध्यप्रदेश को हॉकफोर्स के जवानों पर गर्व है।

चौहान ने अपने ट्वीट के माध्यम से कहा कि आज हॉक फोर्स के शूरवीर जवानों ने बालाघाट के हराटोला जंगल में 12 लाख रुपए के इनामी नक्सली रूपेश को मार गिराया। वे हॉक फोर्स के जवानों की इस सफलता के लिए हृदय से अभिनंदन करते हैं। उन्हें और संपूर्ण मध्यप्रदेश को हॉकफोर्स पर गर्व है।